टीम इंडिया में नहीं मिली एंट्री, शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ ठोका अर्धशतक

क्राइस्टचर्च : शुभमन गिल की 83 रन की पारी के बावजूद भारत ए गुरुवार को यहां न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन 216 रन पर सिमट गया जिससे मेजबान टीम ने अपना पलड़ा भारी रखा। न्यूजीलैंड ए ने इसके जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 105 रन बनाए। मेजबान टीम अब सिर्फ 111 रन से पीछे है जबकि उसके 8 विकेट शेष हैं।
आफ स्पिनर कोल मैकोची (33 रन पर तीन विकेट) ने विहारी को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। विहारी ने मैकोची पर स्वीप शाट खेला लेकिन गेंद सिली मिड ऑन पर खड़े रचिन रविंद्र के पैर से टकराकर हवा में उछल गई और विकेटकीपर डेन क्लीवर ने आसान कैच लपका। विहारी ने 79 गेंद की अपनी पारी में 8 चौके मारे। माइकल रे (54 रन पर 4 विकेट) ने इसके बाद गिल को भी पवेलियन की राह दिखाकर भारत ए का स्कोर 5 विकेट पर 183 रन किया।
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 83 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके और दो छक्के मारे। इसके बाद भारतीय पारी को सिमटने में अधिक समय नहीं लगा। न्यूजीलैंड ए ने दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान रदरफोर्ड (28) और रविंद्र (47) के विकेट गंवाकर दो विकेट पर 105 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज विल यंग 26 जबकि अयाज पटेल एक रन बनाकर खेल रहे हैं।






