देश

चुनाव आयोग के बाहर ‘आप’ का प्रदर्शन, प्रवेश वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह, पंकज गुप्ता और विकास योगी ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी सांसद प्रवेश वर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सभी नेता चुनाव आयोग के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्होंने प्रवेश वर्मा के खिलाफ चुनाव आयोग को ज्ञापन भी सौंप दिया है। इनकी मांग है कि प्रवेश वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। बता दें कि आम आदमी पार्टी का यह प्रदर्शन बीजेपी नेता के उस बयान को लेकर हो रहा है, जिसमें उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ‘आतंकवादी’ कहकर संबोधित किया था।

प्रदर्शन कर रहे इन नेताओं ने हॉर्डिंग्स भी पकड़े हैं, जिन पर लिखा है- “दिल्ली के बेटे केजरीवाल को आतंकवादी कहने वाले पर कार्रवाई करो।” इस मामले पर संजय सिंह का कहना है, “हमारी मांग है कि प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआइआर दर्ज की जाए और उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए।” वहीं पंकज गुप्ता का कहना है कि वर्मा को चुनाव प्रचार के लिए प्रतिबंधित करना काफी नहीं है उनके खिलाफ एफआइआर भी दर्ज की जानी चाहिए।

क्या है पूरा मामला

गौरतलब है कि भाजपा के पश्चिमी दिल्ली से सांसद प्रवेश वर्मा द्वारा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आतंकवादी कहने पर मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने कड़ी निंदा की थी। उनके बयान को लेकर जहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दुख किया था तो वहीं राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने नाराजगी जताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी थी और टिप्पणी को अभद्र बताया था और कहा था कि ऐसे लोग मानसिक रूप से बीमार हैं। वहीं दूसरी तरफ बुधवार की शाम को आप ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) से प्रवेश वर्मा की शिकायत कर उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने की मांग की थी।

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने इस मामले में कहा है कि मैं डायबीटिक हूं और एक दिन में चार बार इंसुलिन लेता हूं। अगर कोई व्यक्ति डायबीटिक है और इंसुलिन पर जी रहा है और 3-4 घंटे तक खाना तक नहीं खाता है तो उसके बेहोश होने और मरने का खतरा रहता है। ऐसी स्थिति में मैंने भ्रष्टाचार के खिलाफ 15 और 10 दिन के अंतराल पर दो बार भूख हड़ताल की। उन्होंने आगे कहा कि डॉक्टरों ने मुझसे कहा था कि मैं 24 घंटे से ज्यादा जिंदा नहीं रह सकता है ऐसी स्थिति में भी मैंने अपनी जान को देश के लिए दरकिनार कर दिया। पिछले पांच सालों में इन लोगों ने मेरा शोषण करने का कोई मौका नहीं छोड़ा है, मेरे घर और ऑफिस पर छापेमारी की, मेरे खिलाफ केस दर्ज कराया। ऐसा व्यक्ति कैसे आतंकी हो सकता है?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button