Local & National News in Hindi

खेत से मटर तोड़कर खाने पर नाबालिगों से बेरहमी, बंधक बनाकर की मारपीट, शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार

23

बलरामपुर : बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में नाबालिगों से बेरहमी करने का मामला सामने आया है. नाबालिगों की बंधक बनाकर पिटाई की गई है. पुलिस के मुताबिक दोनों बच्चे मटर तोड़ने के लिए खेत के अंदर गए थे.इसी दौरान खेत के मालिक ने उन्हें देख लिया और पिटाई कर दी. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.

मटर तोड़कर खाने पर बनाया बंधक

बलरामपुर जिले के राजपुर थाना के लडुवा गांव में नाबालिग बच्चों के साथ निर्ममता की गई. दोनों नाबालिग बच्चों ने खेत में लगा मटर तोड़कर खाया था.जिसके बाद युवक ने दोनों बच्चों को बांधकर पिटाई कर दी. इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है.

शिकायत मिलने के बाद हुई गिरफ्तारी

इस मामले में आवेदक की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राजपुर थाने में धारा- 137(2), 296, 351(2), 115(2), 127(2) BNS के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच में लिया गया. विवेचना के दौरान आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की.आरोपी ने बताया कि बीते रविवार को पड़ोसी का बेटा और चाचा का बेटा बाड़ी में लगे फसल मटर को तोड़कर खा रहे थे.इसे देखने बाद गुस्सा आ गया.गुस्से में आकर दोनों के हाथ को कपड़े से बांधकर अपने घर लाया और हाथ मुक्का और पैर से मारपीट की.

घर के आंगन में बंधक बनाकर की थी मारपीट

दोनों नाबालिग लड़के के हाथ पैर को रस्सी से बांधकर गुप्त रूप से आरोपी ने अपने घर के आंगन में बंधक बनाकर रखा था. मामले में आरोपी द्वारा धारा 140(3) BNS का अपराध करना पाए जाने पर धारा अलग से जोड़ी गई है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने मासूम बच्चों को बांधकर बेरहमी से पीटने का अपना जुर्म कबूल करने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया. जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ था वायरल

आपको बता दें कि बच्चों को बंधक बनाकर मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था. जिसके बाद मामला प्रकाश में आया था. इस वीडियो के सामने आने के बाद पीड़ित बच्चों के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के बाद पुलिस ने जांच की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की.पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.