खेल

न्यूजीलैंड में शुभमन गिल ने ठोका लगातार दूसरा शतक, अब लेंगे भारतीय टीम में रोहित की जगह

नई दिल्ली। भारतीय ए टीम और न्यूजीलैंड ए टीम के बीच दो मैचों की अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज के पहले टेस्ट मैच में शुभमन गिल ने दोहरा शतक जड़ा था, जबकि दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में फिर से शुभमन गिल ने शतक ठोका है। न्यूजीलैंड में शुभमन की फॉर्म दमदार है। इससे प्रतीत होता है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज में ओपनिंग कर सकते हैं।

लिंकन में खेले जा रहे इस दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच के तीन दिन का खेल समाप्त हो गया है। दूसरे दिन का खेल बारिश में धुल गया था। ऐसे में मैच के तीसरे दिन न्यूजीलैंड ने 9 विकेट के नुकसान पर 386 रन बनाकर पारी की घोषणा कर दी। इसके बाद भारत की ओर से ओपनिंग करने आए कप्तान हनुमा विहारी और शुभमन गिल ने भारत को अच्छी शुरुआत दी। कप्तान विहारी 59 रन पर आउट हो गए। इसके बाद मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा नाबाद लौटे।

शतक के बाद नाबाद हैं शुभमन गिल

दाएं हाथ के युवा बल्लेबाज शुभमन दिल ने 148 गेंदों में शतक पूरा किया, जबकि 153 गेंदों में 13 चौके और 1 छक्के की मदद से 107 रन बनाकर वे नाबाद लौटे। वहीं, पुजारा 52 रन बनाकर नाबाद हैं। इससे पहले भारत की ओर मोहम्मद सिराज, आर अश्विन, संदीप वॉरियर और आवेश खान को 2-2 विकेट मिले। बता दें कि इस अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के पहले मैच में शुभमन गिल ने पहली पारी में 83 रन और दूसरी पारी में नाबाद 204 रन बनाए थे।

रोहित की जगह मौका

न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम को 21 फरवरी से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिससे दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा बाहर हो गए हैं। ऐसे में टीम में पिछली 3 सीरीज से चुने जा रहे शुभमन को बतौर ओपनर मयंक अग्रवाल के साथ भारतीय पारी की शुरुआत करने का मौका मिल सकता है। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए शुभमन गिल टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू कर सकते हैं। हालांकि, टीम के साथ पृथ्वी शॉ भी हैं, लेकिन उनको शायद थोड़ा इंतजार करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button