Local & National News in Hindi

बहन को बीच सड़क पटका, घसीटा और गला घोंटकर मार डाला; भाई ने दी प्यार की खौफनाक सजा!

14

उत्तर प्रदेश के मेरठ में दूसरे समुदाय के लड़के से प्रेम करना एक किशोरी को भारी पड़ गया. 16 साल की अमरीषा दूसरे समुदाय के लड़के से प्यार करती थी और उसी के साथ रहना चाहती थी. लेकिन अमरीषा के परिवार वालो को यह मंजूर न था. इसी बात को लेकर अमरीषा के साथ आए दिन मारपीट की जाती थी. बुधवार को रोजाना की तरह इसी बात को लेकर घर में लड़ाई हुई. लेकिन इस बार बात इतनी बिगड़ी कि भाई ने अपनी बहन को मार डाला.

मामला मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र का है. यहां सोमवार को नाबालिग बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज बड़े भाई ने घर में उसे खूब पीटा. वह जैसे तैसे जान बचाकर घर से बाहर सड़क पर आ पहुंची. लेकिन भाई भी उसके पीछे-पीछे आ गया. उसने बिना किसी खौफ के सरेआम बहन को दोबारा से पीटना शुरू कर दिया. उसे सड़क पर पटका और घसीटते हुए आगे ले गया. फिर तब तक बहन का गला दबाए रखा, जब तक की उसकी सांसें नहीं थम गईं.

हैरानी की बात तो ये थी कि इस दौरान भीड़ तमाशा देखती रही. किसी ने भी लड़की को बचाने की कोशिश नहीं की. करीब आधा घंटे बाद किसी ने डायल-112 को सूचना दी. इंचौली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की दो डीवीआर कब्जे में ले ली गईं. उन्हें खंगाला गया. साथ ही आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया गया.

जानकारी के मुताबिक, इंचौली थानाक्षेत्र के एक गांव में मुस्लिम परिवार रहता है. आठ बहन-भाइयों में सबसे छोटी बहन का दूसरे समुदाय के युवक के साथ प्रेम-प्रसंग था. चार माह पहले वो युवक के साथ चली गई थी. पुलिस ने दोनों को बरामद कर युवक को जेल भेज दिया था. किशोरी अब फिर से उसी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी. इसे लेकर मंगलवार रात को कई बार विवाद हुआ. अगली सुबह उसके साथ मारपीट की गई.

चंद मिनटों में तोड़ा दम

लड़की बचते-बचाते घर से भाग निकली और सड़क पर आ गई. बड़ा भाई भी उसे पीछे पहुंच गया और बहन को पीटने लगा. यह देख मौके पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई. देखते ही देखते भाई ने बहन का गला दबा दिया. यह सब होते मौके पर खड़ी भीड़ ने देखा जरूर, लेकिन सड़क पर तड़प रही किशोरी की किसी ने भी मदद नहीं की. कुछ ही मिनटों में उसने दम तोड़ दिया. करीब 20 मिनट तक उसका शव सड़क पर पड़ा रहा.

जेल भिजवा दिया था प्रेमी को

सूचना मिलने पर डायल-112 मौके पर पहुंची और इंचौली पुलिस को घटना की जानकारी दी. घटना के बाद हत्यारोपी भाई घटनास्थल से करीब 100 कदम की दूरी पर स्थित घर पहुंच गया. पुलिस ने उसे घर से गिरफ्तार कर लिया और थाने ले गई. मौके पर सैकड़ों की भीड़ इकट्ठा हो गई. सभी लोग पुलिस को जानकारी देने से बचते रहे. एसपी देहात ने बताया कि मार्च माह में किशोरी एक युवक के साथ चली गई थी. उस समय दोनों को दूसरे राज्य से बरामद किया गया था. उसके बाद परिजनों ने युवक पर केस दर्ज कराया था. जिसके बाद युवक को जेल भेज दिया गया था. अब इस घटना में आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.