Local & National News in Hindi

दुर्ग के मेड़ेसरा में कल अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस समारोह, CM साय होंगे शामिल, उषा बारले समेत कई कलाकार देंगे प्रस्तुति

7

दुर्ग: जिले के ग्राम मेड़ेसरा में आगामी 25 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिलेगी. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई नेता शामिल होंगे.

क्या है अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस?: हर साल 25 अक्टूबर को पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस (International Artist Day) मनाया जाता है. यह दिन उन सभी कलाकारों को समर्पित है जो अपनी कला से समाज में नई सोच, रचनात्मकता और संस्कृति को जीवित रखते हैं. चित्रकला, संगीत, नृत्य, नाटक, साहित्य और लोककला जैसे क्षेत्रों में योगदान देने वाले कलाकारों के सम्मान के लिए यह दिन विशेष महत्व रखता है.

छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति की झलक: इस विशेष अवसर पर प्रदेश भर से कलाकार मेड़ेसरा पहुंचेंगे. समारोह में पंडवानी, पंथी, करमा, और अन्य पारंपरिक लोकनृत्य और गायन विधाओं की प्रस्तुति होगी. पंडवानी गायिका पद्मश्री उषा बारले और पंथी कलाकार डॉ. राधेश्याम बारले कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण होंगे. इनके अलावा कई स्थानीय कलाकार भी मंच पर अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे.

मुख्य अतिथि और विशेष मेहमान: समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे. उनके साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव, गृहमंत्री विजय शर्मा, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विशेष अतिथि के रूप में मंच साझा करेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा करेंगे.

कलाकारों का होगा सम्मान: कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से आए कलाकारों को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान न केवल कलाकारों के योगदान को सराहेगा, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा भी देगा.

तैयारियां अंतिम चरण में: समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं. प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि कार्यक्रम सफल और सुरक्षित ढंग से हो सके. मेड़ेसरा में होने वाला यह आयोजन छत्तीसगढ़ की लोककला की समृद्ध परंपरा को सम्मान देने के साथ-साथ कलाकारों को नई पहचान और प्रेरणा देगा.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.