छत्तीसगढ़ में छठ पर्व का समापन, सीएम विष्णुदेव साय ने जशपुर के छठ घाटों में भगवान सूर्य को दिया अर्घ्य, SIR पर कही ये बात
जशपुर\बलरामपुर: उगते सूर्य को अर्ध्य देने के साथ ही छत्तीसगढ़ में छठ महापर्व का समापन हो गया. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी जशपुर में छठ पूजा में शामिल हुए और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की. सीएम साय ने श्रद्धालुओं को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय ने छठ महापर्व के अवसर पर सोमवार और मंगलवार को दुलदुला और कुनकुरी के छठ घाटों में पहुंचकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया.
मुख्यमंत्री ने कहा “छठ पूजा लोक आस्था, शुद्धता और सामूहिक एकता का प्रतीक है. छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया के प्रति कृतज्ञता का पर्व है, जो हमें संयम, सेवा और समर्पण का संदेश देता है.” साय ने बताया कि उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है कि वे अपने ही विधानसभा क्षेत्र में इस पावन पर्व को श्रद्धालुओं के बीच मनाने का अवसर पा रहे हैं.
इस अवसर पर सीएम ने क्षेत्रवासियों की मांग पर दुलदुला छठ घाट के संपूर्ण सौंदर्यीकरण की घोषणा की और कहा कि अगले छठ पर्व तक घाट का रूपांतरण पूर्ण कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि कुनकुरी छठ घाट का सौंदर्यीकरण लगभग 5 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और स्वच्छ वातावरण प्राप्त होगा.
दुलदुला और कुनकुरी छठ घाटों पर व्रती महिलाओं, श्रद्धालुओं और ग्रामीणजनों का विशाल जनसमूह देखने को मिला. आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, एसपी शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद अध्यक्ष रामकुमार सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.