Local & National News in Hindi

विष्णु देव साय का कोरबा दौरा: स्व. बनवारी लाल अग्रवाल के पगड़ी रस्म में हुए शामिल

3

कोरबा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को अग्रसेन भवन में आयोजित छत्तीसगढ़ के पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष स्व. बनवारी लाल अग्रवाल की पगड़ी रस्म कार्यक्रम में शामिल हुए. मीडिया से चर्चा के दौरान सीएम साय ने कहा कि राज्योत्सव के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पीएम मोदी भी 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं.

स्व. बनवारी लाल अग्रवाल के पगड़ी रस्म में हुए शामिल: देर शाम सीएम साय का हेलिकॉप्टर शहर के सीएसईबी मैदान में उतरा. जिसके बाद वह सड़क मार्ग के जरिए अग्रसेन भवन पहुंचे. कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह तुरंत ही वापस अपने गृह ग्राम जशपुर लौट गए.

सीएम ने दी श्रद्धांजलि: सीएम ने स्व. अग्रवाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. सीएम साय ने स्व. अग्रवाल की धर्मपत्नी पुष्पा अग्रवाल एवं उनके परिवार के लोगों से भेंट कर उन्हें ढाढस बंधाया और अपनी गहरी संवेदना प्रकट की. मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि स्व. बनवारी लाल अग्रवाल का जीवन जनसेवा और समर्पण का प्रतीक था. उन्होंने सदैव कोरबा जिले के विकास और जनता की भलाई के लिए कार्य किया. उनकी सादगी, विनम्रता और सामाजिक संवेदनशीलता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी.कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे.

पीएम मोदी के आने की दी जानकारी: सीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि पीएम मोदी के आगमन को लेकर के हमारी बहुत अच्छी तैयारी है. छत्तीसगढ़ के निर्माण को 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं. इस वर्ष का रजत जयंती महोत्सव भव्यता के साथ मनाएंगे और छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 तारीख को छत्तीसगढ़ पधार रहे हैं. छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का का उनके हाथों लोकार्पण किया जाएगा. हमने एक ट्रायबल म्यूजियम बनाया है, जिसका उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे. रजत जयंती समारोह के दौरान दिनभर प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ में रहने वाले हैं.

PM का छत्तीसगढ़ दौरा, मिनट टू मिनट प्रोग्राम

  • प्रधानमंत्री 7:35 पर 1 नवंबर को दिल्ली से रवाना होंगे.
  • एयरफोर्स के विशेष विमान से 9:40 पर रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे.
  • 10:00 बजे से 10:35 तक हार्ट के सक्सेसफुल ऑपरेशन से ठीक हुए 2500 बच्चों के साथ दिल की बात करेंगे.
  • 10:45 से 11:30 पर प्रधानमंत्री प्रजापति ब्रह्म कुमारी के शांति शिखर भवन का उद्घाटन करेंगे.
  • 11:45 से 12:10 के बीच अटल जी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे.
  • 12:15 से 1:15 तक छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन करेंगे.
  • 1:30 से 2:15 तक आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे.
  • 2:30 से 4:00 बजे तक छत्तीसगढ़ के 25 साल पूरा होने पर आयोजित राज्य उत्सव का शुभारंभ करेंगे.
  • 4:25 पर एयरफोर्स के विमान से दिल्ली वापस लौट जाएंगे.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.