Local & National News in Hindi

Auraiya Road Accident: औरैया में अनियंत्रित पिकअप ने बच्चे को कुचला, हादसे के बाद चालक फरार; परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

4

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है. बेलादिबियापुर मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई. तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल फैल गया.

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बेलादिबियापुर मार्ग पर सुजानपुरवा गांव के पास नंदपुर मोड़ के समीप हुआ. मृतक बच्ची की पहचान अनाया (6 वर्ष) पुत्री नौशाद मंसूरी निवासी सुजानपुरवा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बच्ची सड़क के पास मौजूद थी, तभी तेज रफ्तार से आ रहे पिकअप वाहन ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

हादसे में मासूम की मौत

हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए. मासूम की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. बच्ची के घर में मातम का माहौल है. बताया गया है कि मृतक अनाया के परिवार में माता नसरीन, बहन जोया और बड़ा भाई गोलू हैं. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है.

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई. थानाध्यक्ष बेला गंगा दास गौतम, एरवाकटरा थाना प्रभारी विनेश जादौन और कोतवाली बिधूना के प्रभारी मुकेश बाबू चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात को संभाला. पुलिस ने मृतक बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही दुर्घटना करने वाले वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

पुलिस के अनुसार प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और वाहन चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है. वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.