छतरपुर में दबंगों की हैवानियत! दलित युवक को जूतों से पीटा, बचाने आई मां-बहन को भी नहीं बख्शा; लहूलुहान परिवार न्याय की गुहार में

छतरपुर : बुन्देलखंड के छतरपुर जिले में आज भी दलितों पर दबंगों का आतंक थमने का नाम नही ले रहा है. ताजा मामले सामने आया है जहां एक दलित युवक को सिर्फ दुकान पर मोबाइल चलाने को लेकर जूतों से पीटा गया और जब परिवार की महिलाएं बचाने आईं तो उनपर भी कुल्हाड़ी, लाठी से हमला किया गया. घायलों को पुलिस द्वारा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जंहा उनका इलाज जारी है.
मामूली विवाद पर दलित परिवार की जूतों से पिटाई
छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना इलाके के महाराजगंज गांव में दबंगों का दबदबा उस समय दिखा जब एक दलित परिवार को मामूली बात पर जूतों से सरेआम पीट दिया गया. दलित युवक का कसूर सिर्फ इतना था कि वह दुकान पर खड़े हो कर मोबाइल चला रहा था. पीड़ित वीरेंद्र अहिरवार ने बताया दबंगों ने पहले जूतों से पीटा जाति सूचक गालियां दीं, फिर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर परिवार के चार लोगों को भी घायल कर दिया.”
दरअसल, सिविल लाइन थाने के महराजगंज गांव के निवासी पीड़ित वीरेंद्र अहिरवार ने बताया कि “शुक्रवार रात वह गांव की दुकान पर सामान लेने गया था. इसी दौरान गांव के ही भरत लाल पटेल, जी लाल पटेल और एक अन्य गांव के दबंग ने उसे गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. जब वीरेंद्र के पिता भागीरथ अहिरवार, मां हब्बू बाई अहिरवार और बहन नैना अहिरवार बीच बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी जूतों, डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और जाति सूचक गालियां देते रहे”.
दलित परिवार के 4 लोग घायल
घटना में परिवार के चार लोग बुरी तरह घायल हो गए. मामले की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. वहीं पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पीड़ित का आरोप
वही, मामले में पीड़ित वीरेंद्र अहिरवार ने बताया कि मैं गांव की दुकान पर समान लेने गया था, दुकान पर मोबाइल चलाने लगा इसी बात को लेकर पहले जूतों से पीटा गया फिर बचाने आये परिवार को भी पीटा गया. लेकिन हम पुलिस की कार्यवाही से संतुष्ट नहीं है, जो धाराएं लगनी चाहिए वह नहीं लगी है.
क्या बोली पुलिस
मामले में सिविल लाइन टीआई सतीस सिंह ने बताया “मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज ली गई है, घायल हॉस्पिटल में भर्ती हैं, आरोपियों की तलाश की जा रही है.






