लुधियाना : लुधियाना-फिरोजपुर मुख्य मार्ग पर स्थित मुल्लांपुर के गांव शेखूपुरा के पास सोमवार को एक खौफनाक सड़क हादसे ने 3 घरों के चिराग बुझा दिए। तेज रफ्तार रिट्ज कार का टायर फटने के कारण हुए इस दर्दनाक हादसे में 2 कारों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियां मलबे के ढेर में तब्दील हो गई और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में अब तक 3 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 5 अन्य जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब मोगा की ओर से लुधियाना की तरफ आ रही एक रिट्ज कार जैसे ही गांव शेखूपुरा के पास पहुंची, तो अचानक उसका पिछला टायर फट गया। टायर फटने से चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार कार डिवाइडर को पार करती हुई सड़क के दूसरी ओर जा पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार से इसकी सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्विफ्ट कार के ड्राइवर गाऊदीन उर्फ शफी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सराजू ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं एक अन्य व्यक्ति की भी मौत की खबर सामने आई है।
हादसे में रिट्ज कार सवार हरशदीप सिंह और देवकरण सिंह निवासी खोसा रंधीर (मोगा) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके साथ ही स्विफ्ट कार में सवार लालदीन, मामूसैन और शानू निवासी ताजपुर रोड, लुधियाना को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत राहगीरों की मदद से अलग-अलग निजी व सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही थाना दाखा की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.