Local & National News in Hindi

Ram Mandir Trust Meeting: राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज, चंपत राय के इस्तीफे और नए महासचिव पर होगा फैसला

18

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मसले पर कई दिनों से चले आ रहे विवाद के बीच आज सोमवार को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक होने जा रही है। विवाद के बाद ट्रस्ट की यह पहली बैठक है। बैठक में कई बड़े फैसले लिए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। दावा यह भी किया जा रहा है कि इसमें ट्रस्ट के पदाधिकारियों के इस्तीफे को स्वीकार किया जा सकता है, साथ ही ट्रस्ट के नए पदाधिकारियों के नाम पर भी मंथन किया जाएगा।

चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्र का इस्तीफा हो सकता है मंजूर

चंदा चोरी प्रकरण के बाद आज श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की होने वाली यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। बैठक में महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्र के इस्तीफों को स्वीकार करने के साथ-साथ ट्रस्ट के नेतृत्व में बदलाव, नए महासचिव और नए ट्रस्टी की नियुक्ति पर भी मुहर लग सकती है। करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़े इस चोरी प्रकरण के बाद होने वाली इस बैठक पर देशभर की निगाहें टिकी हैं। यह बैठक अयोध्या में जन्मभूमि परिसर के यात्री सुविधा केंद्र में दोपहर 3 बजे से आयोजित होगी।

नए महासचिव की रेस में VHP के बजरंग लाल बागड़ा सबसे आगे

विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री बजरंगलाल बागड़ा महासचिव पद की दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। बागड़ा अयोध्या पहुंच भी चुके हैं। उनके अलावा ट्रस्टी कृष्णमोहन का नाम भी चर्चा में है। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि ट्रस्ट में एक नए सदस्य के रूप में विश्व हिंदू परिषद के इंद्रप्रस्थ क्षेत्र के संगठन मंत्री नीरज दौनेरिया को भी शामिल किए जाने पर विचार हो सकता है। यह नियुक्ति दिवंगत ट्रस्टी बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के स्थान पर की जा सकती है।

SIT पेश करेगी अपनी अंतरिम रिपोर्ट, 8 आरोपी गिरफ्तार

बैठक में चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी (SIT) अपनी अंतरिम रिपोर्ट भी ट्रस्ट के समक्ष प्रस्तुत करेगी। 13 जून को गठित 3 सदस्यीय एसआईटी अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की जांच जारी है। इस पूरे प्रकरण में एफआईआर (FIR) ट्रस्टी कृष्णमोहन की ओर से दर्ज कराई गई थी।

ऑडिट रिपोर्ट और नए CEO की नियुक्ति पर भी होगी चर्चा

ट्रस्ट की बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा ट्रस्ट के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति, मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और एजेंडे के अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी निर्णय लिए जाने की संभावना जताई गई है।

कौन हैं बजरंग लाल बागड़ा?

राजस्थान के सीकर जिले के निवासी बजरंग लाल बागड़ा का संगठन और प्रशासन दोनों क्षेत्रों में लंबा अनुभव रहा है। बागड़ा पूर्व में नालको (NALCO) के चेयरमैन रह चुके हैं। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने विश्व हिंदू परिषद में सक्रिय भूमिका निभाई और वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय महामंत्री हैं। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बागड़ा को संगठन संचालन और वित्तीय प्रबंधन का व्यापक अनुभव होने के कारण महासचिव पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.