देश

कर्नाटक में सड़क हादसा: कार में सवार कांग्रेस विधायक के पुत्र समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत

बेंगलुरु। कर्नाटक (Karnataka) की राजधानी बेंगलुरु (Bengaluru) के कोरामंगला एरिया (Koramangala) में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। आदुगोडी पुलिस स्टेशन की ओर से बताया गया कि दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने बताया कि मृतकों में तमिलनाडु (Tamilnadu) के होसुर जिले (Hosur District) के द्रमुक (DMK) विधायक प्रकाश वाइ (Prakash Y) के पुत्र व उनकी पत्नी बिंदु भी हैं। अन्य पीड़ितों की पहचान इशिता, धनुष, अक्षय, गोयल और रोहित के तौर पर की गई। इन सभी की उम्र 20-30 साल के आस-पास है और ये सभी शहर के पीजी में रह रहे थे।

बिना सीट बेल्ट के कर रहे थे सफर 

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त आडी कार (Audi Car) की आगे वाली सीट पर तीन लोग बैठे थे वहीं पिछले सीट पर चार लोग थे। पुलिस ने बताया कि किसी भी यात्री ने सीट बेल्ट नहीं पहना था। 6 की मौके पर ही मौत हो गई और एक ने बेंगलुरु स्थित संत जान्स अस्पताल (St. Johns Hospital) में दम तोड़ दिया। आडुगोडी पुलिस (Adugodi Police) ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर लिया है।

अधिक स्पीड में चल रही थी वीआइपी नंबर प्लेट वाली कार

पुलिस ने बताया कि आडी Q3 की तेज स्पीड की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ। कार ने पंजाब नेशनल बैंक की बिल्डिंग से टक्कर मारी और नियंत्रण खो दिया जिसके बाद यह फुटपाथ पर चढ़ गई। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना रात 1 से 2 बजे के बीच की है। मामले की जांच करने वाली पुलिस ने जानकारी दी कि VIP नंबर प्लेट वाली कार में एयरबैग नहीं था। मृतकों का पोस्टमार्टम संत जान्स अस्पताल में किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button