देश

मंत्री सुरेश खन्ना का कांग्रेस के घोषणा पत्र का पर तंज- प्रियंका को पता है ‘न नौ मन तेल होगा और न राधा नाचेगी’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं पर केन्द्रित कांग्रेस के घोषणा पत्र का मजाक उड़ाते हुये प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को अच्छी तरह पता है कि उनकी पार्टी प्रदेश की सत्ता से कोसों दूर है और अगर उनकी नीयत वाकई साफ होती तो यह घोषणा पत्र पहले कांग्रेस शासित राज्यों में लागू होता। खन्ना ने बुधवार को पत्रकारों से कहा ‘‘ प्रियंका का यह ‘व्यक्तिगत’ घोषणा पत्र मिशन शक्ति से प्रेरित है। कांग्रेस का घोषणा पत्र होता, तो पहले कांग्रेस शासित राज्यों में लागू होता, लेकिन प्रियंका को पता है कि न नौ मन तेल होगा और न राधा नाचेगी। प्रियंका का नाम प्रियंका घोषणा वाड्रा होना चाहिए। ”

उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश के इतिहास में पहली बार महिलाओं के स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। कांग्रेस, प्रियंका गांधी वाड्रा को ही गंभीरता से नहीं लेती है। इसीलिए महिलाओं को लेकर उनकी पाटर्ी में घोषणाओं को गंभीरता से नहीं लिया जाता है। बेहतर होगा कि पहले प्रियंका कांग्रेस शासित राज्यों में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर सख्त कदम उठाएं और फिर महिलाओं के स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत की बात करें।

कबीना मंत्री ने कहा ‘‘ जहां तक बात उत्तर प्रदेश की रही, तो योगी सरकार में महिलाओं के स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत को लेकर अनेक योजनाएं धरातल पर काम कर रही हैं। सरकारी नौकरियों से लेकर निजी क्षेत्र में भी महिलाओं को सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि देशभर में मिशन शक्ति पहले, दूसरे और तीसरे चरण की सफलता की चर्चा है। इसी से प्रेरित होकर प्रियंका चुनावी लालीपॉप लाई हैं। खन्ना ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं, इसके सैकड़ों उदाहरण हैं। दर्जन भर से ज्यादा योजनाएं प्रदेश में महिलाओं के लिए चल रही हैं, जो उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सशक्त बना रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button