देश

J&K: कुलगाम में सुरक्षाबलों ने ढेर किया 1 आतंकी, जवानों ने 3 को घेरा

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों के घेराबंदी एवं तलाश अभियान के दौरान शुरू हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया जानकारी के आधार पर आज तड़के कुलगाम के ताजीपोरा मोहम्मदपोरा में जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी), राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने संयुक्त रूप से घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया।

सुरक्षाबलों के जवान जब एक विशेष क्षेत्र की तरफ बढ़ रहे थे तो वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने उन पर स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों की जवाबी कारर्वाई के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। जिसमें एक आतंकवादी मारा गया। मारे गए आतंकवादी का शव अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है। सूत्रों के अनुसार वहां दो से तीन आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका है।

 ताजा जानकारी मिलने तक मुठभेड़ जारी है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। इसी बीच, प्रशासन ने कुलगाम में किसी भी प्रकार की अफवाह को फैलने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। मुठभेड़ स्थल के नजदीकी गांवों में सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प होने की जानकारी मिली है।​​​​​​​​​​​​​​

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button