Ind vs Pak U19: पिछले वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में हारा था पाकिस्तान, 69 रन पर भारत ने किया था ढेर

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान की टीमें एक बार फिर से आईसीसी के बड़े मुकाबले में आमने सामने होंगी। अंडर 19 विश्व कप सेमीफाइनल में मंगलवार को दोनों टीमों का मुकाबला होने जा रहा है। दोनों ही टीमें पिछले तीन टूर्नामेंट के नॉक आउट मुकाबलों में ही एक दूसरे के साथ खेली हैं। तीनो ही मौकों पर टीम इंडिया ने जीत हासिल कर पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर किया है।
पिछली बार भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में 203 रन की बड़ी जीत दर्ज की थी। इस मैच में शुभमन गिल ने शानदार शतक जमाया था जबकि पूरी पाकिस्तानी टीम महज 69 रन ही बना पाई थी। भारत ने शान से फाइनल में जगह बनाई थी और ऑस्ट्रेलिया को मात देकर खिताब अपने नाम किया था
शुभमन गिल ने जमाया था शानदार शतक
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए शुभमन गिल ने नाबाद 102 रन की पारी खेली थी। कप्तान पृथ्वी शॉ ने 42 गेंद पर 41 रन बनाकर आउट हो गए थे जबकि गिल ने शतक जमाकर टीम को 272 रन तक पहुंचाया था। उन्होंने 94 गेंद पर 7 चौके की मदद से नाबाद 102 रन बनाए थे। मनजोत कालरा ने भी 59 गेंद पर 47 रन की पारी खेली थी। पृथ्वी और मनजोत ने भारत के लिए 89 रन की ओपनिंग साझेदारी की थी।
पाकिस्तान सेमीफाइनल में 69 रन पर हुई था ढेर
273 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी बल्लेबाजी इशान पोरेल की धारदार गेंदबाजी के आगे महज 69 रन पर ढेर हो गई थी। इशान ने 6 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे। पाकिस्तान की पूरी टीम 29.3 ओवर में महज 69 रन पर ऑलआउट हो गई थी और भारत ने 203 रन से बड़े अंतर से जीत हासिल की थी।






