Local & National News in Hindi

स्टेशन पर गूंजी किलकारी, खड़ी रही संघमित्रा एक्सप्रेस; ताली बजाकर हुआ बच्चे का स्वागत

3

मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को अजीब स्थिति बन गई. बेंगलुरू से चलकर दानापुर जा रही संघमित्रा एक्सप्रेस की एक कोच को ढेर सारे लोग खड़े थे. यहां पुलिस ने घेरा बनाया था, वहीं डॉक्टर और नर्स की टीम ने एक महिला को कोच से बाहर निकाला और पर्दा कर वहीं पर प्रसव कराया. महिला ने एक स्वस्थ और सुंदर बच्चे को जन्म दिया है. बच्चे की किलकारी गूंजते ही वहां मौजूद लोगों ने ताली बजाकर स्वागत किया.

इस प्रकार मानवता दिखाने पर यात्रियों रेलवे स्टॉफ का आभार प्रकट किया है. दरअसल बिहार के मोतीहारी की रहने वाली मीना कुमारी बेंगलुरू से संघमित्रा एक्सप्रेस में सफर कर रहीं थी. यात्रा के दौरान ही उन्हें प्रसव पीड़ा होने लगी. महिला जब दर्द से तड़पने लगी तो परिजनों ने तत्काल मामले की जानकारी कोच अटेंडर को दी. इसके बाद कोच अटेंडर ने आगामी रेलवे स्टेशन जबलपुर को सूचित किया. जब तक ट्रेन स्टेशन पहुंची, स्टेशन एंबुलेंस पहुंच चुकी थी.

प्लेटफार्म पर कराया प्रसव

ट्रेन के रूकते ही आनन फानन में रेलवे स्टॉफ ने कोच में से महिला को नीचे उतारा, लेकिन उस समय तक महिला की हालत खराब हो चुकी थी. ऐसे में 108 एम्बुलेंस के डॉ. अमरनाथ और उनकी टीम ने मौके पर ही पर्दा की व्यवस्था की. इसके बाद प्लेटफार्म पर ही महिला की सुरक्षित डिलीवरी कराई गई. महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. इसके बाद एंबुलेंस की मदद से जच्चा बच्चा को रानी दुर्गावती अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने दोनों की हालत स्थिर बताई है.

ताली बजाकर स्वागत

जीआरपी उपनिरीक्षक संजीवनी राजपूत ने बताया कि लोगों के सहयोग और संयम की वजह से महिला का सुरक्षित प्रसव कराया जा सका है. बताया जा रहा है कि महिला को ट्रेन से उतारने के काफी देर बाद तक ट्रेन स्टेशन पर ही रूकी रही. हालांकि प्रसव के बाद महिला को जब अस्पताल के लिए रवाना किया गया, ठीक उसी समय ट्रेन को भी अपने गंतव्य के लिए रवाना किया गया. वहीं महिला का सुरक्षित प्रसव होने पर रेल यात्रियों ने ताली बजाकर स्वागत किया और जच्चा बच्चा के स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की गई.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.