बुरहानपुर: लालबाग थाना क्षेत्र में रोंगटे खड़े कर देने वाला एक मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी को जिंदा जलाकर मार दिया. इस दौरान आरोपी की भाभी ने महिला को बचाने का प्रयास किया लेकिन उसने उसे भी जलाने की कोशिश की. इस दौरान उसकी भाभी ने उसकी मासूम बेटी को बचा लिया. पुलिस के मुताबिक पति और पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. फरार पति की तलाश में पुलिस जुटी है.
डीजल उड़ेलकर पत्नी को जिंदा जलाया
बुरहानपुर से 8 किलोमीटर दूर बहादरपुरा गांव में स्थित गुर्जर मोहल्ले में एक पति ने अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया. बेरहम व्यक्ति ने डीजल उड़ेलकर अपनी पत्नी को आग लगा दी. घटनास्थल पर ही महिला की दर्दनाक मौत हो गई. मृतिका की 2 छोटी बच्चियां हैं. वारदात के बाद पति फरार हो गया है.
जेठानी ने देवरानी को बचाने की कोशिश की
डीजल उड़ेलकर आग लगाने की घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. मौके पर पहुंची जेठानी ने जलती हुई महिला को बचाने का प्रयास किया लेकिन इस दौरान गुस्साए पति ने अपनी भाभी को भी जलाने की कोशिश की. घटना के दौरान वहां मौजूद एक बच्ची को जेठानी ने बचा लिया. घटना में जेठानी को भई चोटें आई हैं.
‘परिवारिक विवाद में जिंदा जलाया’
ग्राम पंचायत बहादरपुर के सरपंच पति विजय उमाले ने बताया कि “गांव में गुर्जर मोहल्ले में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर पिछले 2 दिनों से विवाद चल रहा था. मंगलवार को पति ने डीजल डालकर पत्नी को जिंदा जला दिया, इससे महिला की मौत हो गई. पंचायतकर्मी ने घटना की सूचना दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मृतिका की दो छोटी बच्चियां हैं, वारदात के बाद पति फरार हो गया है.”
पुलिस ने मामला दर्ज शुरू की पति की तलाश
लालबाग थाना प्रभारी अमित सिंह जादौन ने बताया कि “पारिवारिक विवाद में पति ने अपनी पत्नी को डीजल डालकर जला दिया. सूचना मिलते ही लालबाग पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रवाना किया. आरोपी मौके से फरार है. मर्ग कायम कर आरोपी की तलाशी शुरू कर दी है और घटना की जांच जारी है.”