Local & National News in Hindi

घुप्प कोहरे में स्टेशन पर पटरी से ट्रेनें हुईं गुम! लो विजिबिलिटी से ट्रेनें 8 घंटे तक लेट

21

बीना/बुरहानपुर : मध्य प्रदेश के ज्यादातर शहरों को भीषण ठंड के साथ घने कोहरे ने अपनी चेपेट में लिया हुआ है. रविवार के बाद सोमवार को भी कई शहरों में विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई. बीना में जहां भीषण कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार थाम दी, तो वहीं बुरहानपुर में घने कोहरे की वजह से सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है.

कई ट्रेनें लेट, स्टेशन पर मुश्किल से दिख रही पटरी

रविवार रात से बीना में जबरदस्त कोहरा देखा जा रहा है. कोहरे के चलते यात्री ट्रेनें भी कई घंटों की देरी से बीना रेलवे जंक्शन पर पहुंच रही हैं. घने कोहरे की वजह से श्रीधाम एक्सप्रेस दो घंटे, विंध्याचल एक्सप्रेस दो घंटे, उत्कल एक्सप्रेस आठ घंटे, ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, केरला एक्सप्रेस छह घंटे, भोपाल एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, कर्नाटक एक्सप्रेस एक घंटे, मालवा एक्सप्रेस दो घंटे, सचखंड एक्सप्रेस पांच घंटे, कटनी मुड़वारा-बीना मेमू ट्रेन ढाई घंटे, केरला एक्सप्रेस चार घंटा 40 मिनट, हमसफर एक्सप्रेस सात घंटे 30 मिनट की देरी से चल रही हैं.यात्री सूरज सिंह ने कहा, ” मुझे रिश्तेदारी में अर्जेंट में भोपाल जाना है लेकिन कई ट्रेनें देरी से चल रही है, जिससे घंटों ट्रेन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है. वहीं, एक अन्य यात्र कुसुम ने कहा, ” कोहरा इतना ज्यादा है कि स्टेशन पर ट्रेन में ज्यादा दूर से नजर नहीं आ रही है.”

नेशनल हाईवे पर थमी रफ्तार, बढ़ा एक्सिडेंट का खतरा

बीना से लगे बुंदेलखंड के अन्य क्षेत्रों पर भी घने कोहरे की मार है. घने कोहरे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नेशनल हाईवे 44 पर भी विजिबिलिटी घट गई है. इसके असर से वाहनों का यहां चलना मुश्किल हो गया है. नेशनल हाईवे पर घने कोहरे की वजह से दुर्घटना की संभावना भी बढ़ गई है.

कोहरे से जनजीवन हुआ प्रभावित

रविवार को बीना में अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पिछले दो दिनों से रात में पड़ रही ओस और घने कोहरे ने क्षेत्र में गलन बढ़ा दी है. बीना सहित आसपास के क्षेत्र में रविवार की रात दृश्यता 20 मीटर तक सिमट गई थी. रात के समय कोहरे के चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई और जनजीवन प्रभावित हुआ. कोहरे और ठंड के कारण लोग भी अपने अपने घरों में कैद हो गए. ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते हुए देखे गए.

छाया रहेगा कोहरा और बढ़ सकती है ठंड

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने और ठंड बढ़ने की संभावना है. रात्रि के समय ओस की बूंदें, गलन बढ़ाने वाली होती हैं. ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और दुपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी होगी.

बुरहानपुर नेपानगर में कोहरे से सड़कें गायब

एशिया की सबसे बड़े कागज कारखाने के लिए मशहूर नेपानगर में सड़कों ने घने कोहरे की चादर ओढ़ ली, जिससे कई इलाके में सन्नाटा पसर गया है. सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है और सुबह करीब 8-9 बजे तक कोहरे का असर बना रहा. इसके साथ ही शीत लहर भी चलती रहीं, जिससे ठंड में और अधिक इजाफा हो गया है. कई इलाकों में इतना घना कोहरा देखा गया, कि सड़कें तक गायब नजर आईं.

ठंड से जन जीवन अस्त व्यस्त

कड़ाके की ठंड की वजह से यहां सड़कों, चौराहों और बाजार में आम दिनों की तुलना में बेहद कम आवाजाही देखने को मिल रही है. आमतौर पर जहां सुबह से ही चहल-पहल शुरू हो जाती है, वहां सड़को पर सन्नाटा पसरा गया है. दूध डेयरी संचालक हरीशंकर यादव ने बताया, ” कोहरे और शीत लहर के कारण इंसानों के साथ पशुओं के स्वास्थ्य पर असर पड़ा है, ठंड की वजह से भैसों से दूध उत्पादन कम हो गया है. साथ ही सुबह और शाम के समय ग्राहकी पर भी मार पड़ी है.”

वाहन चालक अशोक भालेराव ने बताया, ” कोहरे के कारण वाहन चलाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, धुंध कम होने से वाहन धीमी गति से चलना पड़ता है, ताकि कोई दुर्घटना न हो, साथ ही कोहरे में हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर सावधानीपूर्वक चलना पड़ रहा है. इधर जिला प्रशासन और यातायात विभाग ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.