Punjab Border Alert: पंजाब के सभी एंट्री पॉइंट्स पर सख्त नाकाबंदी, तीन स्तरों पर पुलिस की तैनाती; बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की भारी चेकिंग
फरीदकोट : पंजाब डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों पर आज राज्य भर में रात भर पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग और नाकेबंदी की जा रही है। इसी क्रम में फरीदकोट जिले में भी कई स्थानों पर अलग-अलग पुलिस पार्टियां बनाकर नाके लगाए गए हैं और विभिन्न अधिकारियों की ड्यूटी इन नाकों पर लगाई गई है।
आईजी रेंज फरीदकोट निलंबरी जगदाले और एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन ने इन नाकों का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर आईजी निलंबरी जगदाले ने बताया कि डीजीपी पंजाब के आदेशों के बाद पूरे राज्य में विशेष नाकेबंदी की गई है। पुलिस तीन स्तरों पर काम करेगी, जिसके तहत मुख्य नाकों पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। इनके पास हर तरह के हथियार और आवश्यक उपकरण होंगे, ताकि संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों पर नजर रखी जा सके।
इसके अलावा पूरी रात पीसीआर कर्मचारी शहर के अंदर गश्त करेंगे। उन्होंने बताया कि नाकेबंदी के दौरान तैनात पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि देर रात बिना किसी जरूरी काम के घूमने वाले और संदिग्ध लोगों से कड़ी पूछताछ की जाए और उनकी जांच की जाए। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आता है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.