नई दिल्ली। आज से मार्च का महीना शुरू हो चुका है। फरवरी में लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए यही माना जा रहा है कि इस साल गर्मी सभी रिकॉर्ड तोड़ देगी, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ेगी। फरवरी के अंत तक ही ओडिशा और झारखंड के शहरों में जून जैसी गर्मी पड़ने लगी है। भुवनेश्वर में पिछले पांच दिनों से पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। रविवार को भी यहां तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही झारखंड में जमशेदपुर और पलामू सबसे गर्म रहे। इन दोनों शहरों का तापमान 36.8 डिग्री रहा। तो धनबाद, बोकारो और रामगढ़ का तापमान 35 डिग्री के आसपास रहा। रांची और हजारीबाग का तापमान 34.8 डिग्री दर्ज किया गया है। उधर, देश के कई इलाकों में बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
3-4 मार्च में पहाडों पर बर्फबारी और बारिश की संभावना
ताजा पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ों पर 3 और 4 मार्च को हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और असम के कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान जताया गया और कश्मीर में शनिवार को हुई बर्फबारी की वजह से शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं।
उत्तर भारत में तापमान में गिरावट
वहीं उत्तर भारत की बात करें तो पिछले 24 घंटों में दिन और रात का तापमान में यहां पर गिरावट दर्ज की गई है।हरियाणा, राजस्थान के कुछ हिस्सों और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में 4 से 5 डिग्री की गिरावट देखी गई है। कम से कम अगले 2 से 3 दिनों के लिए उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में दिन और रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सर्दियों की ठंड सुबह और रात के समय में वापसी कर सकती है।
इंदौर में भी बदलेगा मौसम
उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ रहा है। इस वजह से हवाओं का रुख बदलने लगा है। इससे सोमवार से इंदौर सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिन और रात के तापमान में गिरावट होने के आसार हैं। हालांकि, दो दिन बाद आसमान पर बादल छाने से न्यूनतम तापमान में फिर बढोतरी हो सकती है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.