Local & National News in Hindi

2021 के बेस्ट 5 टेस्ट गेंदबाजों का पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने किया चयन, लिस्ट में नंबर एक पर पाकिस्तानी बालर को रखा

25

नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व ओपनर बल्लेबाज व कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने साल 2021 के 5 बेस्ट टेस्ट गेंदबाजों का चयन किया। हैरानी की बात ये रही कि उन्होंने अपनी लिस्ट में जसप्रीत बुमराह व अक्षर पटेल जैसे गेंदबाजों को शामिल नहीं किया। हालांकि आकाश चोपड़ा ने आर अश्विन को अपनी लिस्ट में जगह दी और उनकी जमकर प्रशंसा भी की। अश्विन के प्रदर्शन को उन्होंने घरेलू परिस्थितियों में सनसनीखेज करार दिया। 35 साल के अश्विन ने इस साल अब तक कुल 52 विकेट टेस्ट में लिए हैं और सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पहले नंबर पर हैं।

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि मेरी लिस्ट में अश्विन का नाम शामिल है जिन्होंने 8 मैचों में 52 टेस्ट विकेट लिए हैं जबकि उन्हें इस साल इंग्लैंड के खिलाफ एक भी टेस्ट मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। आकाश चोपड़ा ने अपनी लिस्ट में भारतीय तेज गेंदबाज मो. सिराज को रखा। सिराज ने आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में भारत के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और टेस्ट सीरीज जीतने में बड़ी भूमिका निभाई थी। सिराज ने अब तक 9 टेस्ट मैचों में 28 विकेट लिए हैं।

आकाश चोपड़ा ने अपनी लिस्ट में इंग्लैंड के दो गेंदबाज जेम्स एंडरसन और ओली राबिन्सन को शामिल किया। इन दोनों के नाम पर इस साल टेस्ट में अब तक 30 से ज्यादा विकेट दर्ज हैं। एंडरसन पर अभी उम्र का कोई असर नहीं दिख रहा है तो वहीं ओली अपने टेस्ट डेब्यू के बाद से काफी प्रभावशाली रहे हैं। आकाश चोपड़ा ने कहा कि जिमी एंडरसन का नाम इस सूची में है। 19 मैचों में 32 विकेट, वह श्रीलंका, भारत और अपने घर में खेले हैं। वह चेन्नई में भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में असाधारण थे, उन्होंने श्रीलंका में एक मैच में पांच विकेट लिए थे।

आकाश चोपड़ा ने अपनी लिस्ट में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को शामिल किया और उनके बारे में कहा कि मैं 2021 के लिए शाहीन शाह अफरीदी को नंबर एक टेस्ट गेंदबाज के रूप में चुन रहा हूं। नौ मैचों में 17 की औसत से 47 विकेट। वह सनसनीखेज रहा है, एक समय था ऐसा था जब वह हर मैच में पांच विकेट ले रहा था।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.