Local & National News in Hindi

एक ही सिक्के के दो पहलू सपा-भाजपा, मिलकर कराते है दंगे: बसपा महासचिव मिश्रा

0 30

हरदोई: यूपी विधानसभा चुनाव 2022 को अब कुछ ही समय शेष रह गया है, ऐसे में तमाम राजनीतिक दल जीत निश्चित करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसी कड़ी में बहुजन समाज पार्टी भी कोई कसर नहीं छोड़ रही है। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र मिश्रा ने भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि दोनों ही दल मिल कर दंगे कराते हैं।

हरदोई के सांडी में बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में आयोजित मंडल स्तरीय जनसभा संबोधित करते हुए कहा कि बहुजन समाज पार्टी की सरकार में सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय का काम हुआ था और इस बार भी चाहे ब्राह्मण समाज हो या कोई अन्य समाज सभी ने मिलकर तय किया है कि आने वाले 2022 के चुनाव में एक बार फिर से बहुजन समाज पार्टी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी। वहीं जनसभा में पूर्व मंत्री बसपा नेता नकुल दुबे ने कहा कि परेशान जनता सरकार को उखाड़कर गंगा में डुबोने का काम करेगी।

सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा आज दहशत का माहौल है और डराने धमकाने का काम किया जा रहा है। इससे निजात पाने के लिए लोग तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आज इस सरकार में ब्राह्मणों पर अत्याचार हुए हैं। तमाम एनकाउंटर ब्राम्हणों के किए गए हैं। सरकार ऐसी चल रही है जिससे दलित समाज की बेटियां भी सुरक्षित नहीं हैं।

बसपा महासचिव ने मुलायम सिंह पर साधा निशाना 
इतना ही नहीं बसपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि जब मुलायम सिंह यादव की सरकार थी उस समय बलात्कार के विषय में जब उनसे पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि लड़के हैं लड़कों से गलतियां हो जाती हैं इन्हें नजर नजरअंदाज कर देना चाहिए। बसपा नेता ने कहा समाजवादी पार्टी की सरकार में 134 दंगे हुए। भाजपा सपा एक दूसरे को उकसाने का काम करते हैं। मिलकर ऐसी भाषा बोलते हैं जिससे दंगे हों क्योंकि भाजपा और सपा दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।

मायावती कानून के द्वारा कानून चलाना जानती हैं- सतीश चंद्र मिश्रा

मिश्रा ने ​कहा कि बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनती है और मुख्यमंत्री मायावती बनती हैं तो कानून व्यवस्था संभल जाती है क्योंकि मायावती कानून के द्वारा कानून चलाना जानती हैं। सतीश मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सपा के अत्याचार का हवाला देकर वोट मांगा था, लेकिन आज महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। एक रिपोर्ट कहती है कि हर 2 घंटे में एक महिला से रेप होता है। उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने का वायदा चुनाव से पहले किया गया था, लेकिन अब सरकार जाने वाली है तो 25 रुपये मूल्य बढ़ाया गया जबकि बहुजन समाज पार्टी ने मूल्य दोगुना किया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.