मध्यप्रदेश
PM की सुरक्षा में चूक को कांग्रेस ने बताया ड्रामा ! पूछा- ये थर्ड क्लास स्क्रिप्ट किसने लिखी? 70 हजार खाली कुर्सिया पूछ रही है

इंदौर: पंजाब दौरे दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में भारी चूक को लेकर देशभर में गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। एक तरफ भाजपा पंजाब सरकार पर लापरवाही और बड़ी साजिश का आरोप लगा रही है तो दूसरी ओर कांग्रेस नेता इन आरोपों को निराधार बता रहे हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने तो इसे ड्रामा स्क्रिप्ट बताया है। जीतू पटवारी ने कहा कि मोदी जी जाम में फंसे या मोदी जी को जाम में फंसाया गया। ये सभी जानना चाहते हैं। अब तो मोदी की सभा में खाली रह गई 70,000 कुर्सियां भी पूछ रही हैं – यह थर्ड क्लास “ड्रामा-स्क्रिप्ट” किसने लिखी? जीतू पटवारी ने कहा कि पंजाब सरकार व दलित मुख्यमंत्री को बदनाम करने के लिए आपका इस्तेमाल किसने किया?
जीतू पटवारी ने बड़े ही शायराना अंदाज में कहा कि ‘मैं तेरे हुनर की इसलिए कदर करता हूं क्योंकि तू झूठ भी बोलता है तो सियासी साजिश के लिए’ । पंजाब की फिरोजपुर में आयोजित रैली दोपहर दो बजे तक चली। भाजपा नेताओं ने भाषण भी दिया। 15 सौ के करीब कार्यकर्ता शामिल हुए और 70 हजार के करीब कुर्सियां खाली थी। बारिश भी हो रही थी। देश के प्रधानमंत्री को हेलीकॉप्टर से जाना था। लेकिन उन्होंने रुट अचानक बदला। दो घंटे की यात्रा बाई रोड की हालांकि नियमों के हिसाब से इस दौरान बहुत सी तैयारियां करनी होती है जो नहीं थी। लेकिन अचानक किसान उन किसानों से खतरा हो गया जिन्होंने आंदोलन के दौरान कोई अहिंसक वारदात नहीं की थी।
जीतू ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी जी आप देश के प्रधानमंत्री हो आपकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। आप एक एक नागरिक के प्रधानमंत्री हो। लेकिन आपने आते समय जो पंजाब के दलित सीएम के लिए धन्यवाद संदेश छोड़ा वो बेहद हैरान कर देने वाला था। जिसका देश ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी असर पड़ा होगा। पूरे देश में सिर्फ एक दलित सीएम है उनके लिए पीएम मोदी के दिल में जो दुर्भावना है वो शोभा नहीं देती। वहीं भाजपा नेताओं के बयान और प्रतिक्रियाओं को लेकर भी जीतू ने हैरानी जताई। उन्होंन कहा कि चुनाव में लाभ लेने के लिए सारी स्क्रिप्ट लिखी गई।






