Local & National News in Hindi

शिवपुरी में विधायक रघुवंशी का जन दरबारः राेजगार सहायक से फाेन पर कहा- आ जा नहीं मैं तो क्रिया-कर्म भी कर देता हूं

27

शिवपुरी। शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा क्षेत्र से विधायक वीरेंद्र रघुवंशी रांची गांव में जनता दरबार लगाने पहुंचे थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधायक शाम 4 बजे गांव में पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सुनाते हुए विधायक के समक्ष रोजगार सहायक शिवराज धाकड़ की शिकायत की। शिवराज को विधायक के दौरे की जानकारी होने के बावजूद वह जनता दरबार में नहीं पहुंचे थे, ऐसे में जनता की समस्याओं के संबंध में जानकारी देने के लिए काेई अधिकारी ही माैजूद नहीं था। इसे लेकर विधायक रघुवंशी नाराज हो गए।

इसके बाद विधायक रघुवंशी ने रोजगार सहायक शिवराज धाकड़ को काल कर खूब खरी-खरी सुनाई। रोजगार सहायक को डांटने तक तो ठीक था, लेकिन यहां विधायक के बोल भी बिगड़ गए। विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने फोन पर पहले पूछा कि कितनी देर लगेगी। इसके बाद बोले कि ‘आ जा नहीं तो मैं क्रिया कर्म भी कर देता हूं, सब जानते हो मेरे बारे में।’ विधायक यहां भी नहीं रुके और फोन काटने के बाद लोगों से कहा कि हरामखोरों को रुकना चाहिए, जब विधायक आ रहा है तो।

दो साल बाद पहुंचे गांवः विधायक वीरेंद्र रघुवंशी दो साल बाद गांव में लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए पहुंचे थे। यहां वे कह भी रहे थे कि विधायक रोज-रोज तो आता नहीं है। 2 साल में पहली बार आया हूं। विधायक रोज-रोज 400 गांव में जाएगा क्या? विधायक का यह वीडियो 2 दिन पुराना बताया जा रहा है और इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.