Local & National News in Hindi

MP में दिन में 4 और रात में 6 डिग्री तक लुढ़का पारा; कई शहरों में शीतलहर के आसार

24

भोपाल:  उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के चलते मध्यप्रदेश में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। दिन में पारा जहां 4 डिग्री तक लुढ़का, तो रात में यह 6 डिग्री तक गिर गया। सर्द हवाओं के चलते अगले 24 घंटे में भोपाल-इंदौर समेत प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर चल सकती है। धार और सागर में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। इंदौर, उज्जैन, धार और शाजापुर में कहीं-कहीं दिन में कोल्ड वेव रह सकती है। ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, छतरपुर, टीकमगढ़ और सीधी में कहीं-कहीं मध्यम कोहरा देखा जा सकता है। दरअसल, देश के उत्तरी हिस्से में हुई बर्फबारी के असर से प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। बीते 24 घंटे में पारे की चाल बदल गई। तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

भोपाल में रात का तापमान सबसे ज्यादा 6 डिग्री गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। एक दिन पहले तक न्यूनतम तापमान 14 डिग्री पर पहुंच गया था। इंदौर में भी तापमान साढ़े 4 डिग्री गिरकर 9 से नीचे आ गया है। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि अभी दो दिन तक इसी तरह हल्की ठंड रहेगी। उसके बाद फिर से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी।

यह सिस्टम सक्रिय

वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ (WD) एक चक्रवातीय गतिविधियों के रूप में मध्योपरी क्षोभमंडल में ट्रफ के साथ सक्रिय है। जिसके प्रभाव में उत्तरी राजस्थान में चक्रवातीय गतिविधियां भी बन गई हैं। पश्चिमी असम और कोमरीन सागर के ऊपर भी चक्रवात सक्रिय है। 6 फरवरी से अगला दुर्बल पश्चिमी विक्षोभ (पाकिस्तान से आने वाली हवाएं) संभावित हैं।

बीते 24 घंटे में चंबल में जमकर बारिश के साथ गिरे ओले

बीते चौबीस घंटों के दौरान चंबल के इलाकों में जमकर बारिश के साथ ओले गिरे। इसके साथ ही कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। कुछ इलाकों में हल्के बादल भी छाए। भोपाल में रात के समय हल्के बादल भी रहे थे। हालांकि, अब बारिश की संभावना नहीं है।

यहां रात का पारा सबसे कम रहा

शहर
तापमान
उज्जैन
8.0
गुना
8.0
रायसेन
8.6
ग्वालियर
8.6
यहां रात का पारा सबसे ज्यादा रहा

शहर
तापमान
नरसिंहपुर
14.0
सतना
13.4
सीधी
12.8
जबलपुर
12.8
चार प्रमुख शहरों में रात का पारा

शहर
तापमान
ग्वालियर
8.6
इंदौर
8.7
भोपाल
9.0
जबलपुर
12.8

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.