Local & National News in Hindi

उत्तराखंड में बड़ा हादसा, खाई में बारात वाहन गिरने से 14 की मौत, शवों की हो रही पहचान

23

चम्पावत : उत्तराखंड में सोमवार रात बड़ा हादसा हुआ। टनकपुर-चम्पावत हाईवे से जुड़ी सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर मैक्स दुर्घटना में सवार 16 में से 14 लोगों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चालक तथा एक अन्य व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। दुर्घटना बुुड़म से लगभग तीन किलोमीटर आगे हुई बताई जा रही है। हादसे के बाद शव बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हैं जिससे उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। अभी तक दो की पहचान हो पाई है। इनमें से एक राम प्रकाश दूसर त्रिलोक राम है।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन संख्या-यूके 04,टीए- 4712 में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में हुई शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बीती रात 3 बजकर 20 मिनट के आस-पास मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सभी लोग ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी में शामिल होने गए थे। अधिकांश मृतक लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई।

सभी 14 शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। यहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। इनमें से चालक की हालत ज्यादा गंभीर है। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। माना यह जा रहा है कि मैक्स में क्षमता से अधिक सवारी होने से दुर्घटना हुई है।

मैक्स दुर्घटना में घायल दो लोगों की हुई पहचान

सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर हुई मैक्स दुर्घटना में घायल दो लोगों की पहचान हो गई है। घायलों में प्रकाश राम (28) पुत्र हरीश राम, निवासी साल विकास खंड पाटी एवं त्रिलोक राम (42) पुत्र टीका राम, निवासी डाडा ककनई शामिल हैं। प्रकाश राम चालक है। मैक्स वाहन भी प्रकाश राम का ही बताया जा रहा है। घायलों का उपचार अभी भी जिला अस्पताल में ही चल रहा है। मैक्स में 16 लोग सवार थे। जिनमें से 13 शवों को बरामद कर लिए जाने की खबर है। पुलिस और स्थानीय लोग खाई में अभी भी रेसक्यू अभियान चला रहे हैं। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शवों का पीएम मौके पर ही किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। खाई से मिले शवों की पहचान करने में अभी कुछ घंटों का वक्त और लग सकता है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.