Local & National News in Hindi

बड़वानी जिले की गौरव महोत्सव यात्रा में लोकगीतों पर झूमे मंत्री और संसद सदस्‍य

16

बड़वानी; बड़वानी जिले की 25 वीं वर्षगांठ पर सात दिवसीय गौरव महोत्सव मनाया जा रहा है। राजघाट पर मां नर्मदा की महाआरती के बाद बस स्टैंड से कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसमें अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों ने देर तक नृत्‍य किया। बैंडबाजे के साथ निकली यात्रा में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, राज्यसभा सदस्य डा सुमेरसिंह सोलंकी, सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल, कलेक्टर शिवराजसिंह वर्मा, एसपी दीपक कुमार शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ अनिल कुमार डामोर, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अफसर-कर्मी आदिवासी लोकगीतों पर झूमे। इस दौरान सांसद गजेंद्र पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष ओम सोनी ने बैंडबाजे की धुन पर नाच रहे मंत्री, कलेक्टर, एसपी व अन्य लोगों पर से नोट न्यौछावर कर ढोल बजा रहे ढोली को दिए। वहीं मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने भी ऐसा किया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जनप्रतिनिधियों ने सफाई देते हुए कहा कि अंचल में शोभायात्रा व मंगल आयोजन आदि में नाचने के दौरान नोट न्यौछावर कर ढोल बजाने वाले ढोली को देने की क्षेत्रीय परंपरा है। इसमें कोई राजनीति नहीं है। गौरतलब है कि आदिवासी लोकगीतों पर यात्रा में बड़ी संख्या में लोग झूमे। वहीं महिलाएं सिर पर कलश रखकर मंगलगीत गाते हुए चल रही थी। ट्रैक्टर-ट्राली पर झांकी आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा में विविध संस्कृति के रंग दिखाई दिए। निमाड़ अंचल सहित अन्य राज्यों के कलाकारों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अपनी कला-संस्कृति का प्रदर्शन किया। प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा का विविध संगठनों ने स्वागत किया।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.