Local & National News in Hindi

घने कोहरे की चपेट में UP, येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी

19

लखनऊ | पूरा प्रदेश इस वक्त घने कोहरे की चपेट में है। दूसरी तरफ नश्तर की तरह चुभतीं बर्फीली हवाएं हाड़ कंपा रही हैं। कोहरे और हवाओं ने मिलकर धूप को बेअसर कर दिया और दिन के पारे को एकदम से गिराना शुरू कर दिया है। दिन का तापमान सामान्य से नौ डिग्री तक नीचे चले जाने से बरेली सबसे ठंडा रहा रविवार को। यहां अधिकतम तापमान 11.0 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम पारा 8.6 डिग्री रहा। मौसम विज्ञानियों की मानें तो फिलहाल ऐसे ही हालात रहने वाले हैं। 19 और 20 जनवरी को पानी बरसने के भी संकेत मिल रहे हैं। वहीं आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूरे प्रदेश में कहीं अत्यधिक घना कोहरा रहने और कोल्ड डे के आसार हैं।

मौसम बुलेटिन के मुताबिक, लखनऊ में अधिकतम पारा 15.3 और न्यूनतम पारा 6.2 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं बरेली के बाद जिन जिलों में तापमान सबसे कम रहा, उनमें हरदोई में अधिकतम पारा 12 डिग्री रहा, इसमें 7.5 डिग्री की कमी रही,जबकि न्यूनतम पारा 9.5 डिग्री दर्ज हुआ। लखीमपुर खीरी में रातें तो 10.1डिग्री सेल्सियस के साथ थोड़ी सी राहत वाली रहीं, लेकिन दिन का तापमान यहां भी 12 रहा जो सामान्य से 8.9 डिग्री कम रहा। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान 19 डिग्री को लांघ न सका और 20 से कम बना रहने से हाड़ कंपाने वाली ठंड जैसे हालात बने रहे। वहीं रात का पारा 3 डिग्री से लेकर 11.2 डिग्री केबीच रहा। फुरसतगंज में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री रहा। आगरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, हमीरपुर, अयोध्या, सुल्तानपुर, इटावा, कानपुर सिटी में रात का तापमान 6 डिग्री से कम रहा।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.