Local & National News in Hindi

तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े 4 लोगों को कुचला, दो की दर्दनाक मौत

15

गोंडा: जिले में मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े 4 लोगों को कुचल दिया। जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से जख्मी दो अन्य का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोंडा-अयोध्या राजमार्ग पर स्थित दूधनाथ मंदिर के पास मंगलवार पूर्वान्ह एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े चार लोगों को कुचलते हुए एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में जन्नत (50) और मोहम्मद नईम (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोहम्मद इसहाक (55) और शफीकुननिशा (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों को इलाज के लिए गोंडा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इमामबाड़ा निवासी जन्नत अली (55), मोहम्मद इसहाक (50), सफीकुननिशा(60) व बाईपास मुन्नन खां चौराहा निवासी मोहम्मद नईम (55) बकरी के चारे के लिए पत्ती खरीदने निकले थे। सभी दूधनाथ मंदिर के समीप खड़े थे। उनके पास में ही नगर कोतवाली के छेदीपुरवा निवासी राम मिलन (79) भी खड़े थे। इसी बीच चौक बाजार की तरफ से अयोध्या की तरफ जा रही एक वैन अचानक अनियंत्रित हो गयी और सभी को रौंदते हुए सड़क किनारे एक पेड़ से जाकर टकरा गयी। इस दर्दनाक हादसे में जन्नत अली (55) व मोहम्मद नईम (55) की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि मोहम्मद इसहाक, सफीकुन्निशा व राममिलन गंभीर रूप से घायल हो गए।

शिवराज ने बताया कि मौके पर पहुंची पांडेय बाजार पुलिस चौकी और नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन को कब्जे में ले लिया है जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.