Local & National News in Hindi

नौकरी नहीं मिली तो IIT-इंदौर में बम ब्‍लास्‍ट की धमकी का किया मेल… खुद को बताया था आईएसआई एजेंट, आरोपित पुलिस की गिरफ्त में

10

इंदौर। आईआईटी सिमरोल को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपित को पुलिस ने पकड़ लिया है। ग्रामीण एसपी हिति‍का वासल ने इसकी पुष्टि की है। आरोपित का नाम चेतन सोनी है। आरोपित उज्‍जैन जिले के बड़नगर का निवासी बताया गया है। पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।

एसपी ने बताया कि आरोपी ने नौकरी नहीं मिलने पर आईआईटी इंदौर में बम रखने और संस्‍थान को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल किया। इसके बाद आईआईटी सिमरोल में धमकी भरा ई-मेल करने वाले आरोपित को पुलिस ने पकड़ लिया है। बताया जाता है कि आरोपित ने नौकरी नहीं मिलने से परेशान होकर इस तरह का मेल कर दिया था।

पुलिस के अनुसार आरोपित ने एमसीए किया है। उसने किसी कंपनी में नौकरी के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसके हाथ निराशा लगी। इसके बाद उसने एक फर्जी आईडी बनाई और बम ब्‍लास्‍ट की धमकी भरा ई मेल कर दिया। केवल दहशत फैलाने के उद्देश्‍य से ही युवक ने ऐसा किया था।

उल्‍लेखनीय है कि गत 17 जुलाई को सिमरोल स्थित आईआईटी को 15 अगस्‍त को बम से उड़ाने की धमकी का ई मेल भेजा गया था। इसके बाद पुलिस अधिकारी और साइबर टीम इस मामले की जांच में जुटी थी। यह भी पता चला है कि युवक ने वर्ष 2022 में आईआईटी में नौकरी के लिए आवेदन भेजा था।

बाद में जब आरोपित को पुलिस ने मीडिया के सामने पेश किया तो उसने बताया कि नौकरी में भेदभाव होता है। इससे वह खिन्‍न है।

दहशत फैलाने के लिए किया

पूछताछ के दौरान आरोपित ने पुलिस को यह भी बताया कि उसने केवल दहशत फैलाने के उद्देश्‍य से ऐसा किया था। भेजे गए मेल में खुद को पाकिस्‍तान का आईएसआई एजेंट बताते हुए धमकी दी गई थी।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.