Local & National News in Hindi

फरीदाबाद में बारिश में गिरी पेट्रोल पंप की दीवार, 6 मजदूर मलबे में दबे; 2 की मौत

4

हरियाणा के फरीदाबाद में पेट्रोल पंप की दीवार गिरने से छह लोग उसके मलबे में दब गए, जिसमें दो की मौत हो गई. अन्य चार गंभीर रूप से घायल हैं. सभी का इलाज अलस्पताल में चल रहा है. घटना पलवल नेशनल हाईवे-19 के पास स्थित सोफ्ता गांव के पास बने पेट्रोल पंप की है. बताया जा रहा कि सभी छह मजदूरी के लिए जा रहे थे. ये सभी कानपुर के रहने वाले हैं. किसी निजी कंपनी में ड्यूटी के लिए जा रहे थे, जिस दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ.

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी मृतकों और घायलों के परिजनों को दी. सभी मजदूर यूपी के कानपुर जिले के रहने वाले हैं, जो सोफ्ता गांव के आसपास के इलाके में रहते थे. गुरुवार को झमाझम बारिश हो रही ती. सभी बारिश में ही अपनी ड्यूटी पर निकल पड़े. जैसे ही ये लोग नेशनल हाईवे-19 पर स्थित सोफ्ता के पास पहुंचे, तभी वहां स्थित एक पेट्रोल पंप की दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गई, जिसके ये लोग नीचे सभी दब गए.

इसके बाद सभी घायलों को दीवार के नीचे से निकाला गया और बादशाह खान सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते-पहुंचते दो मजदूरों की मौत हो चुकी थी. फिलहाल सभी चार घायलों को बादशाह खान सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.

वहीं इस मामले में जांच अधिकारी विनीत कुमार के मुताबिक, जैसे ही पुलिस को इस घटना के बारे में जानकारी मिली, वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और घायलों का रेस्क्यू करने के बाद उन्हें फरीदाबाद के ही बादशाह खान सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया.

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दो घायलों को मृत घोषित कर दिया और चार घायलों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. फिलहाल इस मामले में घायल और मृतकों के परिजनों की तरफ से कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. शिकायत मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में इलाज के दौरान एक और मजदूर की मौत हो गई.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.