Local & National News in Hindi

अपनी ही कार को चुराया, गवाह लेकर FIR के लिए थाने पहुंचा… कर्ज चुकाने के लिए युवक ने चली चाल; खुल गई पोल

8

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कार चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां कार मालिक ने खुद ही अपनी कार छिपाकर रख दी. उसके बाद कार चोरी होने की सूचना देने और रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंच गया. कार मालिक युवक रिपोर्ट दर्ज कराने अपने साथ गवाह और सबूत लेकर थाने पहुंचा, लेकिन कार मालिक की इतनी तैयारी और एफआईआर दर्ज कराने की जल्दबाजी देखकर पुलिस का माथा ठनक गया.

इसके बाद पुलिस ने मामले की बारिकी से जांच पड़ताल की, तो कार चोरी का मामला फर्जी निकला. युवक ने अपना कर्ज चुकाने के लिए कार चोरी की झूठी कहानी रची थी. पुलिस ने झूठी रिपोर्ट कराने पहुंचे फरियादी युवक पर ही एफआईआर दर्ज की है. बहोड़ापुर क्षेत्र में रहने वाले शिव कुमार शर्मा ने साल 2024 में एक कार खरीदी थी.

इंश्योरेंस के पैसे निकालने रची साजिश

बाद में उस पर करीब नौ लाख रुपए का कर्ज हो गया. ऐसे में जब कहीं रुपए का इंतजाम नहीं हुआ तो कर्ज चुकाने के लिए शिव कुमार शर्मा ने कार इंश्योरेंस के पैसे निकालने के लिए अपनी ही कार की चोरी की साजिश रच डाली. शिव कुमार ने अपनी कार एक दोस्त के घर के बाहर खड़ी कर दी. फिर बाद में घर लौटकर कार चोरी का नाटक शुरू कर दिया.

पुलिस को कार चोरी की कहानी नहीं हुई हजम

इसके बाद शि वकुमार अपने साथ दो गवाह लेकर पुरानी छावनी थाना पहुंचा और कार चोरी होने की बात बताई. फरियादी की तैयारी और उसके पास कार के सभी दस्तावेज देख पुलिस को कार चोरी की कहानी हजम नहीं हुई. इसके बाद जब मामले की पड़ताल की गई तो घटनास्थल पर चोरी की घटना की पुष्टि नहीं हुई. ऐसे में कार मालिक पर पुलिस का शक गहरा गया.

फिर पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो युवक ने कार चोरी करने की साजिश करना कबूल कर लिया. अब पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और फरियादी पर ही कार्रवाई की तैयारी कर रही है.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.