Local & National News in Hindi

सिवनी में लोकायुक्त टीम की कार्रवाई, बीजेपी नेता व सरपंच 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

0 21

सिवनी/शहडोल: लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने सिवनी जिले के धनोरा के सरपंच व बीजेपी के जिला स्तरीय नेता दिनेश कुमार कोरेती को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोचा. सरपंच ने एक व्यक्ति से मकान बनाने की अनुमति देने के लिए एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी. जब ग्रामीण ने काफी विनती तो 60 हजार रुपये पर सहमति बनी. इसके बाद ग्रामीण ने लोकायुक्त जबलपुर में रिश्वत मांगने की सबूत सहित शिकायत की.

मकान बनाने की अनुमति देने मांगे एक लाख

सिवनी जिले के ग्राम धनोरा निवासी राधेश्याम बंजारा ने लोकायुक्त में दी शिकायत में बताया “सरपंच दिनेश कुमार कोरेती ने मकान निर्माण की अनुमति देने के लिए एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी. कुछ दिन चली बात के बाद सरपंच ने 60 हजार की रिश्वत देने पर मकान बनाने की अनुमति देने पर सहमति दी.” इस दौरान ग्रामीण ने सरपंच पर रिश्वत मांगने के सबूत भी इकट्ठे कर लिए. इसके बाद ग्रामीण ने जबलपुर लोकायुक्त दफ्तर में मय सबूत के शिकायत की.

रिश्वत की पहली किस्त लेते दबोचा

लोकायुक्त की टीम ने शिकायत का परीक्षण कर पाया कि सरपंच ने ग्रामीण से रिश्वत मांगी है. इसके बाद सरपंच को रंगेहाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार करने की प्लानिंग की गई. लोकायुक्त टीम ने ग्रामीण को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये सरपंच को देने को कहा. फिर शुक्रवार को सरपंच दिनेश कुमार कोरेती को ₹20 हजार रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. यह कार्रवाई ग्राम धनोरा स्थित सरपंच के घर पर की गई.

भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी रहेगी मुहिम

लोकायुक्त जबलपुर की इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए के नेतृत्व में निरीक्षक शशिकला, निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित पूरी टीम शामिल रही. सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(B) और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है. लोकायुक्त टीम ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

लोकायुक्त ने पहले शिकायत का परीक्षण किया

आरोपी सरपंच दिनेश कुमार भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा का जिला महामंत्री भी है. लोकायुक्त की निरीक्षक शशि मर्सकोले ने बताया कि ग्रामीण राधेश्याम बंजारा ने सरपंच की शिकायत की थी. पहले शिकायत का सबूतों के साथ परीक्षण किया गया. जब ये साफ हो गया कि सरपंच ने रिश्वत मांगी है तो उसे रिश्वत की पहली किस्त के साथ गिरफ्तार किया गया.

शहडोल में पंचायत सचिव को 15 हजार लेते पकड़ा

शहडोल जिले के ग्राम पंचायत पोंगरी के उप सरपंच अमृतलाल यादव से पंचायत सचिव मंगलेश्वर मिश्रा ने भुगतान के बदले 25 हजार रिश्वत की मांग की. उप सरपंच अमृत लाल यादव ने इसकी शिकायत रीवा लोकायुक्त से की. रीवा लोकायुक्त के इंस्पेक्टर हेतराम मरावी ने बताया “नल जल योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत पोंगरी में कार्य कराया गया. इस काम के बिल पेंडिंग हैं. बिल को पोंगरी ग्राम पंचायत के सचिव को अनुमोदित करके पास करना था, जिसके एवज में सचिव मंगलेश्वर मिश्रा ने रिश्वत की मांग की. रिश्वत लेते टीम उसे पकड़ लिया.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.