नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली की कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने 1994 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर (CP) नियुक्त किया है। वे निवर्तमान पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा की जगह लेंगे और दिल्ली पुलिस का नेतृत्व करेंगे।
गृह मंत्रालय ने तत्काल प्रभाव से लागू किया आदेश
गृह मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, AGMUT (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार तत्काल प्रभाव से अपना नया पदभार संभालेंगे। मंत्रालय के आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सक्षम अधिकारी की मंजूरी के बाद, अनुराग कुमार को पद संभालने की तारीख से और अगले आदेश तक दिल्ली का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया जाता है।
सतीश गोलचा को LG को रिपोर्ट करने के निर्देश
इस आदेश में दिल्ली पुलिस के निवर्तमान कमिश्नर और 1992 बैच के IPS अधिकारी सतीश गोलचा के लिए भी अहम निर्देश जारी किए गए हैं। नए पुलिस कमिश्नर के कार्यभार संभालने के बाद, सतीश गोलचा को अपनी अगली पोस्टिंग के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) को रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।
इन वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया आदेश की प्रति
भारत सरकार के अंडर सेक्रेटरी राकेश कुमार सिंह द्वारा हस्ताक्षरित यह नियुक्ति आदेश औपचारिक तौर पर दिल्ली के मुख्य सचिव, निवर्तमान पुलिस कमिश्नर और उपराज्यपाल के प्रधान सचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। गृह मंत्रालय के इस बड़े फैसले को दिल्ली की सुरक्षा और पुलिस प्रशासन को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.