Local & National News in Hindi

JPSC पेपर लीक मामला: CID ने पूर्व अध्यक्ष खियांगते को लिया हिरासत में, 17वें दिन भी छात्रों का प्रदर्शन जारी

25

रांची में छात्रों के बवाल के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। CID की टीम ने JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते को गिरफ्तार कर लिया है। खियांगते पर JPSC के अध्यक्ष रहते हुए ब्लैकलिस्टेड एजेंसी TDPL को काम देने के एवज में कथित तौर पर रिश्वत लेने का आरोप है। गिरफ्तारी से पहले सीआईडी खियांग्ते से करीब चार बार लंबी पूछताछ कर चुकी थी।

🔍 OMR शीट में छेड़छाड़ और भ्रष्टाचार का आरोप

CID द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्त अभय तिवारी से पूछताछ के क्रम में मिली जानकारी के आधार पर सीआईडी की टीम ने सोमवार को खियांगते को गिरफ्तार किया। OMR शीट में कथित छेड़छाड़ और परीक्षा माफियाओं के साथ सांठगांठ के आरोप के बाद खियांगते ने पिछले महीने 22 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। CID की छापेमारी के दौरान ही उन्होंने रिजाइन कर दिया था।

👮 1988 बैच के पूर्व मुख्य सचिव हैं खियांगते, अब तक 19 गिरफ्तार

बता दें कि खियांगते 1988 बैच के झारखंड कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रहे हैं। वह राज्य के मुख्य सचिव भी रह चुके हैं। झारखंड परीक्षा पेपर धांधली मामले में एक परीक्षा संचालक एजेंसी के अकाउंटेंट सहित अब तक लगभग 19 लोगों को अरेस्ट किया जा चुका है।

📢 रांची में छात्र आंदोलन का 17वां दिन, पुलिस का लाठीचार्ज

झारखंड में छात्र पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। आज उनके आंदोलन का 17वां दिन है। छात्रों ने सोमवार को विधानसभा तक मार्च किया। प्रदर्शनकारी छात्रों को काबू में करने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया फिर जमकर लाठियां बरसाईं। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर आंसू गैस के गोले भी दागे। बावजूद इसके छात्र डटे रहे।

🎯 छात्रों की मुख्य मांगें: CBI जांच और JPSC परीक्षा रद्द करने की मांग

प्रदर्शनकारी छात्र 14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा को रद्द करने, परीक्षा एजेंसियों में व्यापक सुधार और पूरे घोटाले की CBI और ED से जांच कराने की मांग पर अड़े हैं। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो पिछले 15 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था, जिस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.