नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो घंटों में दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो घंटों के दौरान हरियाणा के करनाल, सोनीपत और पानीपत को अलावा उत्तर प्रदेश के शामली, बागपत, गाजियाबाद, मोदीनगर, मेरठ और दिल्ली के कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 20-40 किमी प्रति घंटे की गति से आंधी चलेगी।
जानकारी के अनुसार संत रविदास नगर, मिर्ज़ापुर, वाराणसी, सोनभद्र, चंदौली, गाज़ीपुर, ललितपुर, झांसी, महोबा, सहारनपुर और शामली के कुछ स्थानों पर अगले कुछ घंटों (9:10 AM तक) के दौरान आज गरज के साथ बारिश और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआइ ने जानकारी दी है।
मौसम विभाग ने इसके अलावा मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, बिजनौर, अलीगढ़, मथुरा, संभल, बदायूं, हाथरस, मुरादाबाद, कानपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए भी गरज के साथ बारिश और धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई है।
दिल्ली के लिए मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग ने मंगलवार को दिल्ली में बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ हल्की बारिश का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी भारत में जून के पहले सप्ताह में मौसम पर एक और पश्चिमी विक्षोभ का असर पड़ने की आशंका के साथ, 8 जून से पहले दिल्ली-एनसीआर में हीटवेव के वापस लौटने की संभावना नहीं है।
मानसून ने तय समय पर केरल में दस्तक दी
वहीं सोमवार को मानसून ने तय समय पर केरल में दस्तक दे दी। भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक डॉक्टर मृत्युंजय महापात्र के अनुसार मानसून के चालू सीजन में देशभर में सामान्य से अधिक बारिश होगी। उनके अनुसार एक जून को केरल में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। यह अपनी निर्धारित रफ्तार से ही देश के दूसरे हिस्से की ओर बढ़ेगा। जून से सितंबर के बीच सक्रिय रहने वाला मानसूनी बारिश का वितरण इस बार बहुत अच्छा रहने वाला है। जून से सितंबर के बीच सामान्य के मुकाबले 102 फीसद बारिश होने की संभावना है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.