Local & National News in Hindi

गेहूं खरीदी में अनियमितताएं उजागर, किसान हो रहे हैं परेशान

0 7

राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी |मार्च के अंतिम सप्ताह से जिले में गेहूं खरीदी कार्य जोरों पर है, लेकिन इस प्रक्रिया में कई अनियमितताएं सामने आ रही हैं। किसानों का आरोप है कि खरीदी केन्द्रों में उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा और शासन द्वारा तय की गई मूलभूत सुविधाएं भी उन्हें उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।

कई किसानों ने बताया कि उन्हें खरीदी केन्द्रों में तपती धूप में घंटों खड़ा रहना पड़ता है, कभी-कभी तो रात भी वहीं गुजारनी पड़ती है। जबकि शासन द्वारा केन्द्रों पर पेयजल, शौचालय और निःशुल्क तुलाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के निर्देश हैं।

छिंदवाडा रोड स्थित कारीरात के निकट मोहगांव स्थित गोदाम में में खरीदी की जा रही थी। एक खरीदी केन्द्र पर हुई घटना ने व्यवस्था की पोल खोल दी है। 11 अप्रैल को एक किसान ने आरोप लगाया कि उसके ट्रैक्टर में लाए गए गेहूं की तुलाई के दौरान 1 क्विंटल गेहूं कम दिखाया गया। जब दूसरे धर्मकांटे पर पुनः तुलाई कराई गई, तो उसमें 80 किलो गेहूं पाया गया।

किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि केन्द्र प्रभारी द्वारा ‘सेंपल’ के नाम पर प्रत्येक किसान से 5 किलो गेहूं लिया जाता है, जिसे बाद में बेच दिया जाता है। साथ ही, तुलाई के नाम पर 50 रुपये प्रति ट्रॉली की अवैध वसूली की जाती है, जबकि शासन ने यह सेवा निःशुल्क निर्धारित की है।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खरीदी केन्द्रों की सख्त निगरानी की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्यवाही हो ताकि किसानों के हितों की रक्षा हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.