राष्ट्र चंडिका न्यूज़ ,सिवनी (केवलारी)। शुक्रवार देर रात केवलारी थाना क्षेत्र के परासपानी गांव के दो युवकों की धारदार हथियार से हत्या के बाद शनिवार को क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित नागरिकों ने केवलारी थाने का घेराव किया और मुख्य बाजार स्थित शराब दुकान में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया, जिससे यातायात भी प्रभावित रहा।
हत्या की यह घटना शुक्रवार रात लगभग 11:30 बजे की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान अमन बघेल (20) और रूपक बघेल (25), निवासी परासपानी के रूप में हुई है। दोनों युवक दिन में कृषि कार्य निपटाकर केवलारी आए थे, जहां खेरमाई मंदिर के पास एक फोन कॉल पर उन्हें बुलाया गया। वहां पहुंचने पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दोनों की निर्ममता से हत्या कर दी।घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में केवलारी अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल सिवनी रेफर किया गया। इलाज के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। शनिवार को शवों का पोस्टमार्टम सिवनी जिला चिकित्सालय में किया गया।
क्षेत्र में भारी आक्रोश – हत्या की खबर से परासपानी गांव और केवलारी क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। शनिवार सुबह से ही व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और बड़ी संख्या में लोग केवलारी थाने पहुंचे। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते अपराधों, चोरी की घटनाओं और पुलिस की लापरवाही पर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने और अपराधों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने संभाला मोर्चा- स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिवनी एसपी, एएसपी, एसडीओपी समेत आसपास के थानों से पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच जारी है। परिजनों का आरोप है कि हत्या में केवलारी निवासी एक ठाकुर परिवार के कुछ सदस्य शामिल हैं।
जांच जारी, प्रशासन सतर्क – पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।