Local & National News in Hindi

NRI भाइयों के घर फायरिंग का मामला, राउंडअप युवकों ने किया सनसनीखेज खुलासा

4

जालंधर: न्यू अमर नगर में पुर्तगाल रहते एन.आर.आई. भाइयों के घर पर हुई अंधाधुंध फायरिंग का मामला ट्रेस होने के बेहद करीब आ गया है। पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की तरफ से करवाए गए इस हमले का कारण फरौती नहीं बल्कि विदेश में सैटल करने का झांसा देकर की गई ठगी का निकला है। पुलिस ने हाल ही में लद्देवाली रोड के पटेल नगर से कुछ संदिग्धों को उठा कर पूछताछ की तो यह बात सामने आई। हालांकि पुलिस अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे लेकिन जल्द ही इस मामले को ट्रेस करके कमिश्नरेट पुलिस प्रेस कॉन्फ्रैंस कर सकती है।

सूत्रों की माने तो पुलिस ने विदेश से लौटे डॉक्टर को भी हिरासत में लिया था, जिसका नाम खुद एन.आर.आई. जतिंदर सिंह ने लिया था। पुलिस ने डॉक्टर से पूछताछ की तो कुछ इनपुट मिले जिसके बाद पटेल नगर से संदिग्धों को उठाया गया। कल से लगातार उन युवकों से पूछताछ की तो पता लगा कि जतिंदर सिंह और उसके भाई पुर्तगाल में एजैंटी का भी काम करते है। उन्होंने कुछ युवकों को विदेश में वर्क परमिट पर बुला कर अच्छी सैटिंग का भरोसा दिया लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। किसी न किसी माध्यम से उक्त युवकों ने अपने जानकार से बात की जो खुद विदेश में है और फिर मामला पाकिस्तान डॉन शहजाद भट्टी को बताया गया।

भट्टी भी विदेश में सैटल कुछ भारत के पंजाबी युवकों के साथ मिल कर एजैंटी का काम करता है। जैसे ही मामला भट्टी के ध्यान में आया तो उसने एन.आर.आई. भाइयों को फोन करके युवकों के पैसे वापस करने को कहा, जिसके बाद दोनों में गाली-गलौच हुई और फिर भट्टी ने उनके घर पर गोलियां चलवा दी। जतिंदर सिंह के पास ऐसे कोई सबूत नहीं है जिससे क्लियर हो सके कि यह मामला फिरौती से जुड़ा है।

हालांकि पंजाब केसरी ने पहले दिन ही खुलासा कर दिया था कि मामला एजैंटी से जुड़ा है जिस पर अब मोहर भी लग गई है। डॉक्टर समेत पटेल नगर से हिरासत में लिए युवकों से लगातार पूछताछ हो रही है। अभी यह क्लियर नहीं हो पाया है कि उन युवकों में शूटर्स शामिल है या फिर उक्त युवकों ने रेकी की थी।

बता दें कि बीते सोमवार को थाना एक के अधीन आते न्यू अमर नगर में एन.आर.आई. भाइयों के घर पर बाइक सवार 2 युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। जिस समय फायरिंग उस समय घर में एन.आर.आई. भाइयों के माता-पिता और दादी मौजूद थी। फायरिंग से पहले पुर्तगाल में रैस्टोरैंट चलाते जतिंदर सिंह को भट्टी की तरफ से धमकी मिली थी जबकि गोलियां चलने के 5 मिनट पहले जतिंदर की बुर्जुग मां को भी भट्टी ने फोन किया था। गोलियां चलने के बाद भट्टी ने शूटर्स द्वारा बनाई फायरिंग की वीडियो जतिंदर को भेजी थी। थाना एक में शहजाद भट्टी और अज्ञात शूटर्स खिलाफ केस दर्ज किया गया था जिसे ट्रेस करने के लिए जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की टीमें दिन रात जांच में जुट गई थी।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.