Local & National News in Hindi

मानहानि मामले की सुनवाई के लिए आज लखनऊ में राहुल, शुभांशु के परिवार से भी कर सकते हैं मुलाकात

12

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को लखनऊ की कोर्ट में पेश होंगे. यहां वे एक मानहानि के मामले में पेश होने वाले हैं. बता दें लखनऊ एमपी एमएलए कोर्ट ने उन्हें तलब किया है. राहुल पर भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भारतीय सैनिकों के लिए मानहानिकारक बयान देने का आरोप है. कोर्ट में पेश होने के बाद राहुल सुरेश लोधी के परिवार से मुलाकात कर सकते हैं.

रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को लखनऊ पहुंचेंगे. लखनऊ के जिला न्यायालय में चल रहे एक मानहानि मुकदमे में पेश होंगे. राहुल गांधी दोपहर 1 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (अमौसी) पहुंचेंगे, जहां से वह सीधे जनपद न्यायालय जाएंगे. कोर्ट में पेशी के बाद सुरेश लोधी के परिजनों से मुलाकात और शुभांशु शुक्ला के घर जा सकते हैं.

सुभांशु के परिवार से मिलेंगे राहुल

जिला न्यायालय के एमपी-एमएलए कोर्ट में मानहानि के एक मामले में जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद राहुल गांधी ठाकुरगंज क्षेत्र के राधा ग्राम पहुंचेंगे. नाले में गिरने से असमय निधन हो चुके सुरेश लोधी के परिजनों से मुलाकात करेंगे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. इसके बाद, कांग्रेस नेता त्रिवेणी नगर में अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के घर जा सकते हैं. शुभांशु शुक्ला, जो देश के गौरवशाली अंतरिक्ष मिशनों का हिस्सा रहे हैं, उनके परिजनों से मुलाकात कर राहुल गांधी उनका उत्साहवर्धन करेंगे.

सुरक्षा के कड़े इंतेजाम

राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए लखनऊ पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. उनके दौरे के सभी स्थानों अमौसी हवाई अड्डा, जिला न्यायालय, राधा ग्राम, और त्रिवेणी नगर—पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. उनकी अनुमन्य सुरक्षा के तहत विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा.

क्या है पूरा मामला?

राहुल गांधी ने इस समन के खिलाफ हाई कोर्ट में भी याचिका दायर की थी लेकिन उन्हें वहां से कोई राहत नहीं मिली है. पूरा मामला साल 2022 में निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा का है. इस दौरान राहुल ने उस दौरान चीनी सेना के साथ हुई झड़प का जिक्र करते हुए कहा था कि ‘लोग भारत जोड़ो यात्रा के बारे में तो पूछेंगे, लेकिन चीनी सैनिकों द्वारा हमारे सैनिकों की पिटाई के बारे में एक बार भी नहीं पूछेंगे. इसी मामले में राहुल गांधी पर मानहानि का मुकदमा दर्ज किया गया था.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.