Local & National News in Hindi

हल्की बारिश ने खोली व्यवस्था की पोल: आर्चीपुरम, बाबू जी नगर कॉलोनी की सड़कें बनीं ‘तालाब’

0 6
राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी। शहर की आर्चीपुरम बाबू जी नगर कॉलोनी में रहने वाले लोगों को इन दिनों भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी वजह है सड़कों की दयनीय हालत, जो जरा सी बारिश में ही किसी तालाब में तब्दील हो जाती हैं। सोमवार को सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी ने ही नगर पालिका परिषद के विकास के दावों की पोल खोलकर रख दी है।
कॉलोनी में अंदरूनी गलियों तक, हर जगह पानी भर गया है, जिससे नागरिकों का पैदल चलना और वाहनों का गुजरना तक मुश्किल हो गया है।
जलभराव से जीवन दूभर
स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़कों पर जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी घंटों तक जमा रहता है। कई जगहों पर गड्ढे होने के कारण पानी की गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल होता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।
आर्चीपुरम के निवासी रमेश ने बताया, “थोड़ी सी बारिश में ही घर से बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है। सड़क पर इतना पानी भर जाता है कि बच्चों को स्कूल जाने में भी डर लगता है। ऐसा लगता है जैसे हम किसी कॉलोनी में नहीं, बल्कि किसी जलाशय के किनारे रह रहे हैं।”
बाबूजीनगर की निवासी सुनीता देवी ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा, “गंदा पानी घरों के दरवाजों तक आ जाता है। कीचड़ और जलभराव के कारण बीमारियों के फैलने का डर भी बढ़ गया है।”
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका परिषद की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से रहवासियों में गहरा आक्रोश है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़कों की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका परिषद जल्द से जल्द सड़कों पर जमा पानी निकलवाए, गड्ढों को भरे और भविष्य में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए पक्की नालियों का निर्माण करवाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.