राष्ट्र चंडिका न्यूज़, सिवनी। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित सिवनी के लिए मंगलवार का दिन गौरवशाली रहा। भोपाल के समन्वय भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले की दो बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (बीपेक्स) को राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) द्वारा पुरस्कृत किया गया। यह सम्मान सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर ‘सर्वश्रेष्ठ प्राथमिक सहकारी संस्था’ श्रेणी में प्रदान किए गए हैं।
इन समितियों ने बढ़ाया जिले का मान
राष्ट्रीय स्तर की इस चयन प्रक्रिया में सिवनी जिले की दो समितियों ने अपनी कार्यप्रणाली और प्रदर्शन के आधार पर बाजी मारी:
सर्वश्रेष्ठ प्राथमिक सहकारी संस्था (उत्कृष्टता पुरस्कार 2025): बीपेक्स बांकी को इस शीर्ष श्रेणी के पुरस्कार से नवाजा गया। संस्था की ओर से प्रबंधक संतकुमार राजपूत ने यह सम्मान प्राप्त किया।
सर्वश्रेष्ठ प्राथमिक सहकारी संस्था (योग्यता पुरस्कार 2025): बीपेक्स खैरापलारी को योग्यता पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार संस्था प्रबंधक गणेश सिंगौर ने ग्रहण किया।
गरिमामय उपस्थिति में हुआ सम्मान
06 जनवरी 2026 को आयोजित इस मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक में प्रदेश के सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग ने दोनों समितियों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव सहकारिता डी.पी. आहूजा, आयुक्त सहकारिता मनोज पुष्प, अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक मनोज कुमार गुप्ता एवं जिला सहकारी बैंक सिवनी के महाप्रबंधक के.के. सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कुशल मार्गदर्शन का परिणाम
उल्लेखनीय है कि यह उपलब्धि जिला कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक श्रीमती शीतला पटले के कुशल मार्गदर्शन तथा महाप्रबंधक के.के. सोनी के सतत निर्देशन का परिणाम है। बैंक प्रबंधन ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए समितियों के प्रबंधकों और कर्मचारियों को बधाई दी है। इस पुरस्कार से जिले की अन्य सहकारी संस्थाओं में भी उत्साह का संचार हुआ है।