राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी। जिले में गौतस्करी और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के कड़े रुख के बाद डुंडासिवनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भुरकल खापा औद्योगिक क्षेत्र के पास जंगल में मिले गौवंश अवशेषों की गुत्थी सुलझाते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बलिनो कार और औजार भी बरामद किए गए हैं।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्रद्धा सोनकर के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक ग्रे कलर की बलिनो कार (MP-22-ZA-8799) संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। मुखबिर की सूचना पर जब कार मालिक मस्सीउज्जमा उर्फ भैया पटरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो पूरे गिरोह का पर्दाफाश हो गया।
खेत में दिया घटना को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि 19 जनवरी 2026 की रात अमित चौरसिया ने अपने खेत (कपुर्दा) में बने मकान के पीछे दो गौवंश वध हेतु उपलब्ध कराए थे। सभी आरोपियों ने मिलकर वहां गौवंश का वध किया और मांस को बोरियों में भरकर बलिनो कार से भैया पटरी के खेत ले आए। वहां मांस के छोटे टुकड़े करने के बाद अवशेषों को भुरकल खापा के पास नाले में फेंक दिया था।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
फिरोज खान (45 वर्ष) – शहीद वार्ड, सिवनी।
अमित उर्फ अम्मू चौरसिया (35 वर्ष) – कपुर्दा, जिला छिंदवाड़ा।
मस्सीउज्जमा उर्फ भैया पटरी (48 वर्ष) – जगदम्बा सिटी, सिवनी।
मोहसिन उर्फ काला (22 वर्ष) – बोरी, जिला सिवनी।
इमरान उर्फ इम्मु (22 वर्ष) – बोरी, जिला सिवनी।
जप्त सामग्री:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित मशरूका जप्त किया है:
एक बलिनो कार (MP-22-ZA-8799)
दो एंड्राइड मोबाइल फोन
दो लकड़ी के कुंदे और दो लोहे के बका (धारदार हथियार)
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस अंधे कत्ल और तस्करी के मामले को सुलझाने में निरीक्षक चैनसिंह उइके, सउनि. संजय बघेल, बालकृष्ण त्रिगाम, प्रधान आरक्षक संजय यादव, और साइबर सेल से सउनि. देवेन्द्र जयसवाल व आरक्षक अजय बघेल सहित पूरी टीम की विशेष भूमिका रही।