सीधी: मूर्तला गांव में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. यहां आमने-सामने से आ रही 2 बाइकों की जबरदस्त टक्कर में 2 लोगों की मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि 1 युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, एक अन्य गंभीर रूप से घायल युवक इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इलाज के दौरान घायल युवक की भी मौत
मूर्तला निवासी अमित मिश्रा (24) सोमवार शाम करीब 7 बजे अपने घर से बाजार की ओर जा रहा था. वहीं, दूसरी दिशा से ग्राम अगडाल निवासी अंकुश बैस (17) रामपुर से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान मूर्तला के पास दोनों बाइकों की आमने सामने से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंकुश बैस की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, अमित को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान मंगलवार की दोपहर 12 बजे उसकी भी मौत हो गई.
समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप
इस मामले में प्रधान आरक्षक महेंद्र विश्वकर्मा ने बताया, “हादसे में दोनों युवकों की मौत हो चुकी है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. घटना किस वजह से हुई, इसकी जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है.” वहीं, प्रत्यक्षदर्शी रोहित शर्मा ने बताया, ” दोनों बाइकों की रफ्तार अधिक थी और अचानक वे अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गए. हादसे के बाद काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही. यदि समय पर चिकित्सा सहायता मिल जाती तो शायद एक जान बच सकती थी.”
इस संबंध में चिकित्सक डॉ. अनूप सिंह ने बताया, “सूचना मिलते ही मैं मौके पर पहुंचा था. एक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था. जिसे तत्काल रीवा रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. आज (मंगलवार) को दोनों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है.”
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.