Local & National News in Hindi

राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता: सिवनी के निशानेबाजों का जलवा, अंतरिक्ष बर्मन ने जीता कांस्य पदक

0 30

राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी। इंदौर की BSF रेवती रेंज में 3 से 8 जुलाई तक आयोजित राज्य एवं प्री-स्टेट राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में सिवनी के निशानेबाजों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है।

प्रतियोगिता के 50 मीटर जूनियर प्रोन पोजीशन स्पर्धा में सिवनी के उभरते हुए शूटर अंतरिक्ष बर्मन ने शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) अपने नाम किया।

राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालीफाई

प्रतियोगिता में सिवनी के दिव्यांश राय, श्रेष्ठ राय और जुबैर खान ने अपने बेहतरीन कौशल से आगामी ‘ओपन इंडिया चैंपियनशिप’ के लिए अपना स्थान सुरक्षित किया। वहीं, जूनियर मेन वर्ग में शिवांश रघुवंशी ने एयर राइफल स्पर्धा में राज्य स्तर के लिए पात्रता अर्जित की। महिला वर्ग में वैष्णवी यादव ने पूरे मध्य प्रदेश में 14वां स्थान हासिल किया, जबकि साक्षी बरकोरिया ने प्री-स्टेट में शानदार प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना टिकट पक्का किया।

कड़ी मेहनत का परिणाम

सिवनी जिला शूटिंग एसोसिएशन के निदेशक रामकृष्ण (शिवम) बरकोरिया ने सभी खिलाड़ियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनके कड़े अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। एसोसिएशन ने सभी विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.