Local & National News in Hindi

शीलादेही आश्रम में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का दिव्य आयोजन

0 70

राष्ट्र चंडिका न्यूज़, सिवनी। नवोदित तीर्थ क्षेत्र द्वारकाधीश राधा-कृष्ण मंदिर, शीलादेही आश्रम में तीन दिवसीय भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन 2 से 4 सितंबर तक किया जा रहा है। हाल ही में प्राण-प्रतिष्ठित द्वारकाधीश मंदिर में आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव में विभिन्न कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्य पंडित आलोक दुबे ने बताया कि यह आयोजन गुरुरत्न महाराज श्री की प्रेरणा से तथा द्वारका शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज के शुभ हस्ते आयोजित किया जा रहा है।
उत्सव के प्रथम दिन 2 सितंबर को दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की कथा का आयोजन होगा। कथा विद्वान वक्ता आचार्य प्रसून महाराज के मुखारविंद से होगी।
3 सितंबर को श्रीकृष्ण कथा श्रवण के पश्चात संस्कृति तथा लोक कला संगम के कलाकारों द्वारा सैला नृत्य एवं लोक संगीत की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। प्रांतीय लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित विभिन्न झांकियों के माध्यम से उनकी लीलाओं का संजीव चित्रण किया जाएगा।
4 सितंबर को श्रीकृष्ण लीला कथा के पश्चात सामूहिक महा गरबा उत्सव का आयोजन होगा। राधा-कृष्ण के महारास की तर्ज पर ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच भव्य गरबा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर संस्कृति विभाग के प्रसिद्ध बुंदेली भजन गायक सुमित दुबे द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
रात्रि 12 बजे से महा अभिषेक, अलौकिक श्रृंगार, महाआरती एवं 56 भोग दर्शन जन्मोत्सव के विशेष आकर्षण रहेंगे। जन्मोत्सव के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाप्रसाद के रूप में माखन-मिश्री एवं फलाहार का वितरण किया जाएगा।
द्वारकाधीश मंदिर ट्रस्ट एवं सेवा समिति के सभी सदस्यों ने श्रद्धालुओं से सहपरिवार इस दिव्य आयोजन में उपस्थित होकर भव्य जन्माष्टमी महोत्सव के दर्शन एवं पुण्य लाभ अर्जित करने का विनम्र आग्रह किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.