साहब, हम मतांतरण करना चाहते हैं.., दंपती ने कन्नौज के जिलाधिकारी से मांगी अनुमति

कन्नौज। कलेक्ट्रेट में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दंपती ने जिलाधिकारी से मतांतरण के लिए अनुमति मांगे जाने की प्रार्थना की। उसने पुलिस और प्रशासन से न्याय मिलने की वजह बताते हुए धर्म परिवर्तन करने की इच्छा जताई। उसकी बात सुनने के बाद डीएम ने एसडीएम और पुलिस को प्रकरण की जांच करके उचित कार्रवाई के लिए आदेश दिए हैं।
कन्नौज शहर के मोहल्ला हाजीगंज निवासी मिथिलेश अपने पति राकेश कुमार के साथ डीएम कार्यालय पहुंचीं। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विवेक नारायण मिश्रा भी थे। महिला के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनकर वहां भीड़ एकत्र हो गई और उसकी बात सुनकर सभी सन्न रह गए। दंपती ने जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र को बताया कि वे अनुसूचित जाति से हैैं, शहर के तीन लोगों ने मिलकर उनके मकान पर अवैध कब्जा करके उन्हें बेदखल कर दिया है।
पुलिस समेत सभी अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन न्याय नहीं मिला। पुलिस उन्हें ही प्रताडि़त कर रही है। वे परेशान होकर अब मतांतरण करना चाहते हैं। डीएम ने दंपती की बात सुनकर एसडीएम सदर उमाकांत तिवारी और सीओ सदर शिवप्रताप सिंह को जांच करवाकर कब्जेदारों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि जांच में यदि मकान पीडि़त दंपती का निकला तो कब्जेदारों के खिलाफ एफआइआर कराई जाएगी।
कई बार घर से सामान फेंक चुके आरोपित
राकेश कुमार के बड़े भाई महेश बाबू ने बताया कि उनके भाई सुभाषचंद्र की मृत्यु हो चुकी है। उनकी पत्नी बिटोला के नाम मोहल्ला हाजीगंज खुर्द में साझे का मकान है। इस मकान में सभी भाइयों का घरेलू सामान रखा था, जिसे आरोपितों ने 19 सितंबर को सड़क पर फेंक दिया। उस दिन उसने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। तत्कालीन एसडीएम सदर गौरव शुक्ला ने भी दोनों पक्षों पर शांतिभंग की कार्रवाई की थी।






