Local & National News in Hindi

शेयर बाजार में तेजी का रुख, 353 अंक चढ़कर 41,142 पर बंद हुआ सेंसेक्स

0 206

शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार तीसरे दिन तेजी रही और बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 353 अंक की तेजी के साथ 41,142.66 पर पहुंच गया। कोरोना विषाणु के उपचार में सफलता मिलने की जानकारी से भी वैश्विक निवेशक उत्साहित हुये हैं। इसके अलावा एक सर्वे में भारत के सेवा क्षेत्र की गतिविधियों में सुधार और जनवरी में इसके सात साल के उच्च स्तर पर पहुंचने की रिपोर्ट से भी धारणा मजबूत हुई। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 353.28 अंक यानी 0.87 प्रतिशत मजबूत होकर 41,142.66 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान ऊंचे में यह 41,154.66 के उच्च स्तर तक गया। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 109.50 अंक यानी 0.91 प्रतिशत मजबूत होकर 12,089.15 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील सर्वाधिक लाभ में रहा। इसमें 5.14 प्रतिशत की तेजी आयी। उसके बाद क्रमश: भारती एयरटेल, एचडीएफसी, टीसीएस, एल एंड टी, एसबीआई और रिलायंस इंडस्ट्रीज का स्थान रहा। वहीं दूसरी तरफ हीरो मोटो कार्प में सर्वाधिक 3.83 प्रतिशत की गिरावट आयी। पावर ग्रिड, मारुति, एशियन पेंट्स और नेस्ले इंडिया भी नुकसान में रहे।

विशेषज्ञों के अनुसार कोरोनो वायरस के इलाज में उल्लेखनीय सफलता मिलने से वैश्विक बाजारों में तेजी का रुख बना है। भारत के सेवा क्षेत्र की गतिविधियों में सुधार और जनवरी में इसके सात साल के उच्च स्तर पर पहंचने की रिपोर्ट से भी धारणा मजबूत हुई। आईएचएस मार्किट इंडिया के सर्वे के अनुसार देश में सेवा कारोबार गतिविधि सूचकांक जनवरी में 55.5 अंक पर रहा जबकि दिसंबर में यह 53.3 अंक था। इससे पहले, एक अन्य सर्वे में देश में विनिर्माण गतिविधियों में तेजी की बात कही गयी थी। उधर, एशिया के अन्य बाजारों में चीन में शंघाई, हांगकांग, तोक्यो और सोल 1.25 प्रतिशत तक मजबूत हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी शुरूआती कारोबार में तेजी दर्ज की गयी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.