Local & National News in Hindi

केवलारी में कमल ठाकुर के आतंक के विरुद्ध जनआक्रोश, दोहरी हत्या के बाद बवाल

0 3
राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी (केवलारी), केवलारी क्षेत्र में शुक्रवार की रात हुए जघन्य दोहरे हत्याकांड के बाद नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जबरदस्त आक्रोश भड़क गया। आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी और पुलिस की लापरवाही से नाराज़ लोगों ने शनिवार को चकाजाम, बाजार बंद और विरोध प्रदर्शन किया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता को मौके पर पहुंचना पड़ा। जनदबाव के चलते नगर निरीक्षक ब्रजेश उईके को हटाकर उनकी जगह शिवशंकर रामटेक को नई जिम्मेदारी दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात लगभग 12 बजे परासपानी निवासी अमन बघेल (22) और रूपेश उर्फ रूपक बघेल (28) की चाकू से हत्या कर दी गई। आरोप है कि कांग्रेस से जुड़े कमल ठाकुर, उनके पुत्र संकेत ठाकुर, डाली ठाकुर और गायत्री ठाकुर सहित एक अन्य ने घटना को अंजाम दिया। हमलावरों ने विशेष प्रकार के धारदार हथियार से पेट में वार किया, जिससे घटनास्थल पर ही एक की और अस्पताल पहुँचने से पहले दूसरे की मृत्यु हो गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हत्या का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है, जिसमें डाली ठाकुर का नाम चर्चा में है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस को कॉल डिटेल के ज़रिए पूरे मामले की तह तक पहुँचने की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं क्योंकि एफआईआर में घंटों की देरी की गई।
जनता का फूटा गुस्सा, शराब दुकान को लगाई आग
बघेल समाज और स्थानीय नागरिकों ने सुबह से ही विरोध शुरू कर दिया। चकाजाम, टायर जलाना, वाहनों को आग के हवाले करना और थाने का घेराव जैसे घटनाक्रम सामने आए। लोगों ने बताया कि कमल ठाकुर और उनके परिवार द्वारा लंबे समय से क्षेत्र में आतंक फैलाया जा रहा था और अब यह घटना जनाक्रोश का विस्फोट बन गई।
आरोप है कि कमल ठाकुर के परिवार ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर रखी थी और उसी भूमि पर शराब दुकान संचालित कर रहे थे। आक्रोशित जनता ने इस दुकान को भी आग के हवाले कर दिया।
पुलिस प्रशासन सक्रिय, धारा 144 लागू
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता मौके पर पहुंचे। नगर निरीक्षक को हटाकर शिवशंकर रामटेक को केवलारी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। क्षेत्र में धारा 144 लागू कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
नेताओं की प्रतिक्रिया
पूर्व विधायक ठाकुर राकेश पाल सिंह ने मृतकों की अंत्येष्टि में भाग लिया, लेकिन वर्तमान विधायक ठाकुर रजनीश सिंह की अनुपस्थिति को लेकर जनता में रोष है।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर हमला बोलते हुए एक्स ( ट्विटर) हैंडल पर लिखा:
“केवलारी में दो युवकों की बेरहमी से हत्या के बाद शहर जल रहा है, मगर आरोपी अभी भी फरार हैं। भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। सरकार से मांग है कि आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाये।”
फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव व्याप्त है और पुलिस सतर्कता बरत रही है। प्रशासनिक कार्यवाही और जनता की प्रतिक्रिया पर आने वाले समय में मामला और व्यापक रूप ले सकता है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.